9 New Modular OTs in MY : सात करोड़ की लागत से एमवाय में 9 नए मॉड्यूलर ओटी!

मरीजों की सुविधा के लिए इन्हें पहली मंजिल पर बनाया जा रहा

375

9 New Modular OTs in MY : सात करोड़ की लागत से एमवाय में 9 नए मॉड्यूलर ओटी!

Indore : अत्याधुनिक ट्रामा सेंटर के प्रस्ताव के बीच एमवाय हॉस्पिटल में नए मॉड्यूलर ओटी (Operation Theatre) का काम अंतिम चरण में है। ये ओटी लगभग बनकर तैयार हो गए हैं। अस्पताल की पहली मंजिल पर 9 नए मॉड्यूलर ओटी बनाए जा रहे हैं। इनमें आठ मेजर और एक माइनर ओटी होगा। अगले महीने तक सभी ओटी के बनकर तैयार होने का दावा किया जा रहा है।
करीब सात करोड़ रुपए की लागत से इन्हें तैयार किया जा रहा है। अभी बर्न यूनिट मिलाकर कुल 15 ओटी हैं। ये नए मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर बनने से ओटी की संख्या बढ़ जाएगी। गायनिक विभाग एमटीएच महिला अस्पताल के शिफ्ट होने पर यहां मॉड्यूलर ओटी प्लान किया गया। करीब 8 महीने पहले इसका काम शुरू किया गया था। निर्माण एजेंसी पीआईयू ने जुलाई तक काम पूरा करने का वादा किया है। साथ ही 30 बेड का आईसीयू भी बनाया जा रहा है। विभागवार इन ओटी का आवंटन होगा, लेकिन उसके लिए मीटिंग बुलवाई जा रही है।
बताया जा रहा है कि यहां इलेक्टिव सर्जरी होगी। सात करोड़ रुपए सिर्फ सिविल वर्क पर खर्च होंगे। एमवाय अस्पताल में 2022-23 में एक लाख से ज्यादा ऑपरेशन हुए। इनमें 14 हजार मेजर ऑपरेशन थे। नए ओटी में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों और मशीनों की लिस्ट भी बनाई जा चुकी है।
अधिकारियों के अनुसार बनने वाले सभी उन्नत किस्म के ओटी हैं। यहां मेटल व ग्लास सीलिंग का इस्तेमाल होते हैं। उपकरणों के लिए मांग पत्र कॉलेज प्रशासन को भेज दिया गया है। मॉड्यूलर ओटी में वॉटर प्रूफिंग करवा रहे हैं, ताकि किसी तरह के सीपेज की दिक्कत नहीं हो। तल मंजिल पर बने पुरानी ओटी में इमरजेंसी ऑपरेशन होंगे। दरअसल अस्पताल में इंदौर-उज्जैन के जिलों से मरीज आ रहे हैं।