MHA Medal: उत्कृष्ट सेवा के लिए IPS राव, विवेक शर्मा,राकेश गुप्ता समेत 143 को मिलेगा पदक

298

MHA Medal: उत्कृष्ट सेवा के लिए IPS राव, विवेक शर्मा,राकेश गुप्ता समेत 143 को मिलेगा पदक

भोपाल: केंद्रीय गृह मंत्रालय के अति उत्कृष्ट और उत्कृष्ट सेवा के पदक का ऐलान शुक्रवार की शाम को किया गया। वर्ष 2021 के अति उत्कृष्ट सेवा के लिए एडीजी प्रशासन डी श्रीनिवास राव, आईजी काननू व्यवस्था संजय तिवारी सहित 143 पुलिस अफसरोें और जवानों को देने की घोषणा हुई है। वहीं उत्कृष्ट सेवा के लिए तत्कालीन आईजी प्रशासन विवेक शर्मा, एडीजी साजिद फरीद शापू, इंदौर ग्रामीण आईजी राकेश गुप्ता, मुख्यमंत्री के मुख्य सुरक्षा अधिकारी अजय पांडे, भोपाल जोनल एसपी विशेष शाखा अमित सक्सेना को दिया जाएगा। इन पदकों का पहली बार वर्ष 2019 में ऐलान हुआ था। तब से हर साल प्रदेश में अच्छा काम करने वाले अफसरों और जवानों को यह पदक दिए जाते हैं। हालांकि अभी यह तय नहीं है कि यह पदक अफसरों को कब दिए जाएंगे।

प्रदेश में बेहतर काम करने वालों को पुलिस मुख्यालय और प्रदेश के गृह विभाग की अनुशंसा पर केंद्रीय गृह मंत्रालय पदकों के लिए अफसरों और जवानों के नामों का ऐलान करता है। वर्ष 2021 के लिए जहां 143 अफसरों और जवानों को अति उत्कृष्ट सेवा पदक दिए जाने का ऐलान किया गया है। वहीं 167 अफसरों और जवानों को उत्कृष्ट सेवा के लिए पदक दिए जाने की घोषणा की है। इसमें आईपीएस और राज्य पुलिस सेवा के अफसरों से लेकर प्रदेश पुलिस के अफसर और जवानों के काम-काम की समीक्षा करने के बाद यह पदक दिए जाता है।

दो आईपीएस अफसरों के साथ ही अति उत्कृष्ट सेवा के लिए 26 वीं वाहिनी के उपसेनानी परवेज अनवन खान, एआईजी विशेष शाखा प्रवीण कुमार झारिया, तत्कालीन डीएसपी यातायात इंदौर हरिसिंह रघुवंशी, तत्कालीन सीएसपी नागदा मनोज रत्नाकर, इंदौर के तत्कालीन ट्रैफिक डीएसपी संतोष कुमार उपाध्याय को भी पदक दिया जाएगा। इसी तरह उत्कृष्ट सेवा के लिए तीन आईपीएस अफसरों के साथ मुख्यमंत्री के मुख्य सुरक्षा अधिकारी के अलावा एसपी पीटीएस निमिषा पांडे, इंदौर के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन – 2 राजेश व्यास, शहडोल के एएसपी मुकेश वैश्य, भोपाल जोनल एसपी अमित सक्सेना, जबलपुर विशेष शाखा के एसपी आशीष खरे को भी पदक दिया जाएगा।