BJP: बूथों पर तैनात हुई सवा 22 लाख कार्यकर्ताओं की टीम

523
Bjp Membership Campaign
Bjp Membership Campaign

BJP: बूथों पर तैनात हुई सवा 22 लाख कार्यकर्ताओं की टीम

भोपाल: बीजेपी ने चुनाव के सात माह पहले प्रदेश में सवा 22 लाख कार्यकर्ताओं की चुनावी टीम तैयार कर ली है। यह चुनावी टीम जिला, मंडल, संभाग और प्रदेश स्तर से हटकर है और सीधे तौर पर बूथों से संपर्क में रहने वाली है। पार्टी ने 64102 बूथों में इन कार्यकर्ताओं की तैनाती करने के साथ उन्हें जिम्मेदारियां सौंप दी हैं और किए जाने वाले कामों की रिपोर्ट मांगना शुरू कर दिया है।

बूथ विस्तारक अभियान 2.0 की अब तक जो रिपोर्ट बीजेपी संगठन तक पहुंची है उसके अनुसार कुल निर्धारित बूथों में से 63005 बूथ पर अध्यक्ष, 61407 पर बूथ महामंत्री और 60407 पर बीएलए-2 की नियुक्ति की गई है। पार्टी ने इन तीनों बूथ पदाधिकारियों को त्रिदेव नाम दिया है। इसके अलावा बूथ समिति सदस्यों के लिए 7 लाख पांच हजार के टारगेट के विपरीत 9 लाख 7 हजार से अधिक सदस्य नियुक्त किए जा चुके हैं। दूसरी ओर पन्ना और अर्द्धपन्ना प्रमुख की नियुक्ति का काम भी तेजी से हुआ है और अभी तक 9.62 लाख अपेक्षित पन्ना प्रमुखों के विपरीत 11 लाख 38 हजार 720 अर्द्ध पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति की जा चुकी है। भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने प्रदेश भाजपा और बूथ टोली को शुभकामनाएं दी हैं और संगठन के दायित्वों पर अमल के लिए समर्पित रहने को कहा है।

अब अर्द्धपन्ना प्रमुख बन रहे बूथों पर

बीजेपी ने पहले प्रदेश के हर बूथ के वोटर से संपर्क में रहने के लिए पन्ना प्रभारी बनाने का काम किया था। इस चुनाव में इससे आगे की कड़ी शुरू की गई है और अर्द्ध पन्ना प्रभारी बनाए जा रहे हैं। इस व्यवस्था के माध्यम से अधिकतम वोटर से सीधे संपर्क में रहने का पार्टी का टारगेट आसानी से हासिल हो सकेगा।