नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने बागेश्वर धाम महंत को बताया भाजपा का प्रचारक, पंडोखर सरकार की तारीफ की

732

नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने बागेश्वर धाम महंत को बताया भाजपा का प्रचारक, पंडोखर सरकार की तारीफ की

भिण्ड से परानिधेश भारद्वाज की रिपोर्ट

Bhind (MP): वैसे तो नेता कभी कभी-कभी संत महात्माओं के पास पहुंचते ही रहते हैं लेकिन चुनाव का समय आते ही धार्मिक आयोजनों और धर्म स्थलों के उनके दौरे तेज हो जाते हैं। कोई किसी संत के पास तो कोई किसी संत के पास पहुंचता है। ऐसे में मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह भी हाल ही में पंडोखर सरकार की शरण में पहुंचे। चूंकि पंडोखर सरकार का जो क्षेत्र है वह नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह की विधानसभा क्षेत्र से सटा हुआ है और उनके बेहद नजदीक है। ऐसे में वहां चल रहे यज्ञ में शामिल होने के लिए नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह पंडोखर सरकार पहुंचे। यहां पहुंच कर उन्होंने पंडोखर सरकार और महंत गुरुशरण महाराज की जमकर तारीफ की। डॉक्टर गोविंद सिंह ने कहा कि गुरुशरण महाराज की बदौलत ही पंडोखर जैसी पिछड़ी हुई जगह पर भी जंगल में मंगल हो रहा है। जहां पर लोग खाने के लिए मोहताज थे वहां आज लोगों की भीड़ जुट रही है और हजारों लोगों को रोजगार भी मिल रहा है। डॉ सिंह ने कहा कि उन्होंने कई सरकारों को देखा है लेकिन जो कार्य महाराज पंडोखर सरकार ने किए हैं वह अद्वितीय हैं।

वहीं डॉ गोविंद सिंह ने बागेश्वर धाम सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बागेश्वर धाम महंत भाजपा का प्रचार प्रसार करता है जबकि पंडोखर सरकार में सर्व धर्म समभाव रहता है। किसी भी दल का व्यक्ति हो उसे पंडोखर महाराज समान रूप से देखते हैं। वहीं पंडोखर सरकार के दिव्य दरबार के बारे में सवाल किए जाने पर नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह ने कहा कि यहां पर सच्चाई को बताया जाता है जबकि बागेश्वर धाम महंत धर्म से अलग भी बात करते हैं लेकिन पंडोखर सरकार में केवल धर्म और सच्चाई की बात की जाती है।

वहीं पंडोखर सरकार के महंत गुरु शरण शर्मा का कहना है कि जहां पर बड़े-बड़े लोग, नेता, गणमान्य व्यक्ति पहुंचने लगें समझो वहां पर परमात्मा की कृपा बरस रही है। और डॉक्टर गोविंद सिंह उनके लिए नेता नहीं बल्कि उनके चाचा तुल्य हैं। उन्होंने डॉ गोविंद सिंह की भविष्यवाणी के बारे में पूछे जाने पर कहा कि दिल से और मन से उनका आशीर्वाद हमेशा उनके साथ रहता है और 3 महीने बाद गद्दी के माध्यम से बिल्कुल क्लियर कर देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि लहार में तो डॉक्टर गोविंद सिंह के बिना कुछ होगा ही नहीं।