Target on Scindia : राजा-महाराजाओं को खरीद लिया, पर गरीब विधायक नहीं बिके!

दिग्विजय सिंह ने कहा 'कांग्रेस में दूसरा ज्योतिरादित्य पैदा न हो!'

557

Target on Scindia : राजा-महाराजाओं को खरीद लिया, पर गरीब विधायक नहीं बिके!

Ujjain : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को हमेशा निशाने पर रखते हैं। जब भी मौका मिलता है, वे तीर चलाना नहीं चूकते! दिग्विजय सिंह इन दिनों प्रदेश की उन विधानसभा सीटों का दौरा कर रहे हैं, जहां कांग्रेस जीत नहीं सकी। इसी दौरे के तहत वे उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने फिर ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार गिराने के लिए भाजपा ने राजा-महाराजाओं को खरीद लिया। लेकिन, वे अनुसूचित जाति, जनजाति के गरीब विधायकों को नहीं खरीद सके।

जब दिग्विजय सिंह से पूछा कि यदि इस बार भी कांग्रेस की सरकार बनने के बाद कोई नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया की तरह विरोध पर उतरकर भाजपा में शामिल हो गया तो कांग्रेस क्या करेगी? इस पर उन्होंने कहा ‘हे महाकाल, कांग्रेस में कोई दूसरा ज्योतिरादित्य सिंधिया पैदा न हो!’ उन्होंने यह भी कहा कि जब कमलनाथ सरकार को गिराया गया, उस समय राजा महाराजा भाजपा के हाथों बिक गए। इस दौरान भी उन्होंने केंद्रीय सिंधिया पर तीर चलाया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुसूचित जाति, जनजाति वर्ग के गरीब विधायकों को भाजपा ने 25 से 50 करोड़ रुपए का ऑफर दिया था, लेकिन उन्होंने कांग्रेस को धोखा नहीं दिया।

इशारा करके कहा कि ये नहीं बिके

उज्जैन की घटिया विधानसभा से कांग्रेस विधायक रामलाल मालवीय और तराना से कांग्रेस विधायक महेश परमार की और इशारा करके दिग्विजय सिंह ने कहा कि इन विधायकों को भी 25 से 50 करोड़ रुपए के ऑफर मिले थे। लेकिन, उन्होंने पार्टी नहीं बदली। गरीब और अनुसूचित जाति वर्ग के विधायकों ने कांग्रेस का दामन नहीं छोड़ा। जबकि, राजा-महाराजा और बेचने वाले नेता बिक गए। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि दलबदल को लेकर और भी सख्त कानून की जरूरत है। यदि कोई नेता दल बदलता है, तो उसे 6 साल के लिए चुनाव लड़ने पर पाबंदी लग जाना चाहिए। इसके अलावा उसे कोई सरकारी पद भी नहीं दिया जाना चाहिए।

जो विचारधारा से जुड़ा, वह नहीं बिकेगा

दिग्विजय सिंह ने कहा कि, जो नेता विचारधारा से जुड़ा है वह कभी भी नहीं बिकेगा। आज उन्होंने उज्जैन (उत्तर) और उज्जैन (दक्षिण) विधानसभा सीटों पर कार्यकर्ताओं सम्मेलन किया। दिग्विजय सिंह उज्जैन की जिन विधानसभा सीटों में कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए, वे सीट पिछले कई विधानसभा चुनाव से भाजपा के पास है। उज्जैन (उत्तर) से पारस जैन भाजपा विधायक 6 बार चुनाव जीत चुके हैं। जबकि, उज्जैन (दक्षिण) से दूसरी बार चुनाव जीतने वाले शिवराज सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव हैं।