MP में 3 और 4 जून को कई जगह प्री मानसून बारिश,मानसूनी वर्षा 12 जून से होने के आसार

427

MP में 3 और 4 जून को कई जगह प्री मानसून बारिश,मानसूनी वर्षा 12 जून से होने के आसार

दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट

मध्य प्रदेश में मौसम का उतार चढ़ाव लगातार जारी है। दक्षिण और पश्चिम के बादल मिलकर महाराष्ट्र के रास्ते मध्यप्रदेश में अगले दो दिन में प्रवेश करने वाले हैं जिससे 3 और 4 जून को कई जगह पर बारिश की संभावना है।
पूरे भारत में भी मौसम तेजी से करवट ले रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के साथ-साथ अब दक्षिण महासागर के बादल भी शामिल होकर भारत में उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक तीन अवस्थाओं में सक्रिय नजर आ रहे हैं। वहीं चौथी अवस्था पूर्वी राज्यों में भी चल रही है।

उत्तर भारत में अभी भी बादल चक्राकार स्थिति में चल रहे हैं। यहां पर राजस्थान से बादल घूमते हुए उत्तर प्रदेश से होकर पुनः उत्तर पूर्व की ओर कूच कर रहे हैं।
दूसरी अवस्था भारत के दक्षिण पश्चिम दिशा से आ रहे बादल हैं जो उत्तरी हवाओं के साथ मिलकर गुजरात के रास्ते मध्यप्रदेश में प्रवेश कर रहे हैं। वहीं तीसरी अवस्था अनुसार दक्षिणी महासागर में पूर्व से आकर जमा बादल अब भारत में दक्षिण पश्चिम की ओर रुख कर रहे हैं।

दक्षिण के सभी राज्यों में इस समय बारिश का दौर जारी है। यहां बादल दक्षिण से चलकर और महाराष्ट्र से मुड़कर छत्तीसगढ़, ओडिशा होते हुए बंगाल की खाड़ी में गुत्थम गुत्था हो रहे हैं।

दक्षिण और पश्चिम के बादल मिलकर महाराष्ट्र के रास्ते मध्यप्रदेश में अगले दो दिन में प्रवेश करने वाले हैं जिससे 3 और 4 जून को कई जगह पर बारिश की संभावना है।

उत्तर भारत में आज फिर कश्मीर, पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख में कई जगह पर भारी वर्षा की स्थिति निरंतर कायम रहेगी। वहीं उत्तरी राजस्थान में भी बारिश का असर है।

इधर भारत के पूर्व दिशा में चक्रवात जो कि ताइवान के नज़दीक आकर पुनः लौट रहा है, के कारण बादल बंगाल की खाड़ी में और पूर्वी राज्यों में भी चक्राकार स्थिति बना रहे हैं। जिसके चलते ओडिशा, झारखंड, बंगाल सहित पूर्वी राज्यों में कई जगह बारिश की संभावना बन रही है। हल्के बादल बिहार में भी दिखाई दे रहे हैं।