Number One in EPR Credit : सिंगल यूज प्लास्टिक रीसाइक्लिंग में भी इंदौर नगर निगम देश में नंबर वन बना!

इंदौर शहर में रोजाना कचरे में करीब 164 टन मात्रा प्लास्टिक अपशिष्ट की!

887

Number One in EPR Credit : सिंगल यूज प्लास्टिक रीसाइक्लिंग में भी इंदौर नगर निगम देश में नंबर वन बना!

Indore : इंदौर नगर निगम (IMC) ईपीआर (एक्सटेंडेड प्रोड्यूसर रिस्पांसिबिलिटी) क्रेडिट अर्जित करने वाला देश का पहला निकाय बन गया। निगम ने सिंगल यूज प्रतिबंधित प्लास्टिक को जब्त करने के बाद इसकी रीसाइक्लिंग के एवज में यह उपलब्धि हासिल की। इससे पहले नगर निगम को कार्बन क्रेडिट में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई थी। 8 टन प्लास्टिक वेस्ट के निपटान के एवज में नगर निगम को ईपीआर मिला।

निगम आयुक्त हर्षिका सिंह ने बताया कि शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक पूरी तरह प्रतिबंधित है। सार्वजनिक और निजी भागीदारी (पीपीपी) से ट्रेंचिंग ग्राउंड पर स्थापित मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी सेंटर में इसकी रीसाइक्लिंग की जाती है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के ईपीआर पोर्टल पर इसे रजिस्टर्ड करवाया और 8100 रुपए मूल्य का क्रेडिट हासिल किया। इंदौर ईपीआर पोर्टल पर क्रेडिट हासिल करने वाला देश का पहला शहरी निकाय है।

इंदौर शहर में रोजाना करीब 1162 टन ठोस कचरा रोज निकलता है। इसमें करीब 164 टन मात्रा प्लास्टिक अपशिष्ट की होती है। ये अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2016 (पीडब्ल्यूएम) और ईपीआर नीति के तहत ट्रेंचिंग ग्राउंड में लगा नेपरा प्लांट ईपीआर अर्जित कर रहा है। लेकिन, प्लांट को कचरा निगम मुहैया करवाता है। जब्त प्लास्टिक को देवगुराड़िया में स्थापित 400 टीपीडी क्षमता की मटेरियल रिकवरी फेसिलिटी सेंटर को दिया जाता है।

इंदौर मॉडल ने कीर्तिमान रचा
जनभागीदारी इंदौर शहर मॉडल की यूएसपी है। इंदौर नगर निगम ने एकल उपयोग प्लास्टिक प्रतिबंध के संबंध में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कई जागरूकता अभियान चलाए। इंदौर शहर प्रतिदिन 1162 मीट्रिक टन से अधिक ठोस कचरा (MSD) उत्पन्न करता है। आईएमसी और उसके हितधारकों के व्यापक जागरूकता अभियान और ठोस प्रयासों से घरेलू, वाणिज्यिक, औद्योगिक संस्थानों आदि में 6 प्रकार के कचरे को पृथक्करण के सफल कार्यान्वयन को सफलता मिली है। परिवहन किए गए शत-प्रतिशत कचरे को उसी दिन ट्रीट किया जाता है। इसके साथ ही पीडब्लूएम नियम 2016 और ईपीआर नीति के सफल कार्यान्वयन के लिए आईएमसी शहर के भीतर बैन प्लास्टिक के निर्माण, भंडारण, उपयोग और आपूर्ति श्रृंखला की निगरानी करती है।

मानदंडों के उल्लंघन पर काबू
नगर निगम ने सीमा के भीतर मानदंडों के उल्लंघन की रिपोर्ट करने के लिए जोन स्तर पर 19 निरीक्षण टीमों को तैनात कर एक विशेष टास्क फोर्स की स्थापना की है। निरीक्षण दल रोज के आधार पर विभिन्न क्षेत्रों जैसे वाणिज्यिक क्षेत्रों, पर्यटक क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थानों, सब्जी, फल और मांस बाजारों, औद्योगिक क्षेत्रों आदि में नियमित रूप से दौरा करते हैं। निरीक्षण के दौरान वे उल्लंघन की रिपोर्ट करते हैं और उल्लंघनकर्ताओं पर जुर्माना लगाकर प्लास्टिक जब्त करते हैं।

मुख्यमंत्री ने बधाई दी
मुख्यमंत्री ने समस्त इंदौर वासियों, प्रशासनिक अधिकारी एवं निकाय के समस्त कर्मचारियों को इस उपलब्धि पर बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जन भागीदारी के इस प्रयास की सफलता पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में भी सर्कुलर इकॉनॉमी को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और सिंगल यूज़ प्लास्टिक से मुक्ति के इंदौर नगर निगम के अभियान से पूरे प्रदेश में इस दिशा में प्रयास करने की प्रेरणा मिलेगी।