BJP नेतृत्व राजस्थान में शुरू परिवर्तन यात्राओं में कम भीड़ जुटने से नाखुश

BJP नेतृत्व राजस्थान में शुरू परिवर्तन यात्राओं में कम भीड़ जुटने से नाखुश

गोपेंद्र नाथ भट्ट की खास रिपोर्ट

डूंगरपुर /नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी का शीर्ष नेतृत्व राजस्थान में शुरू की जा रही परिवर्तन यात्राओं में कम भीड़ जुटने से खुश नही है तथा परेशान और पशोपेश में दिखाई दे रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा द्वारा सवाई माधोपुर ज़िले के रणथम्भोर त्रिनेत्र गणेश धाम और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा डूंगरपुर जिले के बेणेश्वर धाम से हरी झण्डी दिखा कर शुरू की गई परिवर्तन यात्राओं में अपेक्षा से कम भीड़ जुटने से पार्टी में हड़कम्प मचा हुआ है। शीर्ष नेतृत्व को इन यात्राओं में भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के जुटने की उम्मीद थी लेकिन उनके आँकलन के मुक़ाबले काफी कम संख्या में लोगों के आने को अच्छे संकेत नही माना जा रहा है। राजनीतिक पण्डित इसका सबसे बड़ा कारण प्रदेश भाजपा में व्याप्त धडेबंदी को बता रहे हैं। इन परिवर्तन यात्राओं में पिछले विधान सभा चुनावों जैसा उत्साह नही दिखाई दे रहा।

राजनीतिक जानकारों का कहना है कि राजस्थान में पार्टी का कोई चेहरा घोषित नही किया जाना भी भाजपा के पक्ष को कमजोर कर रहा है और धड़ेबंदी में फँसी पार्टी नेताओं के समर्थक ख़ामोश है। इस कारण विधान सभा चुनाव के तीन माह पूर्व निकाली जा रही इन परिवर्तन यात्राओं में वह उत्साह और आक्रामकता नहीं दिखाई दे रही जोकि भाजपा में अक्सर दिखाई देती है। जानकारों का मानना है कि अनिश्चितताओं की इस परिस्थिति में पार्टी चुनाव जीतने की सम्भावनाओं को धुँधला कर रही है। साथ ही इसे कहीं न कहीं शीर्ष स्तर पर राजस्थान को लेकर किए गए आँकलन को ग़लत बताया जा रहा है।हालाँकि प्रदेश में क़ानून और व्यवस्था की वर्तमान स्थिति गहलोत सरकार के लिए भी अग्नि परीक्षा का सबब बन गई है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने डूंगरपुर जिले के बेणेश्वर धाम में भाजपा परिवर्तन संकल्प यात्रा के द्वितीय रथ को रविवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस मौके पर उन्होंने गहलोत सरकार पर ज़ोरदार हमला बोला।शाह ने कहा कि हमारी एक बहन की इज्जत धरियावद में तार-तार हुई है। मुख्यमंत्री गहलोत अपने काले कारनामों पर पर्दा डालने के लिए यहां आए थे। मुख्यमंत्री गहलोत प्रदेश में हिंसा और दंगों को नहीं रोक पाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवाओं को रोजगार नहीं है, महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था नहीं है।ऐसे में सरकार को रहने का कोई अधिकार नहीं है।

उन्होंने कहा कि किसानों की जमीने नीलाम हों रहीं है । युवा वर्ग पेपर लीक से ठगा गया हैं। इस शासन में मानव तस्करी की घटनाएं हुई है और अस्पताल से शिशु चुराए जाने लगे हैं। उन्होंने कहा कि  उन्होंने कहा कि लाल डायरी में गहलोत शासन के भ्रष्टाचार की कई दस्ताने दर्ज हैं। यह डायरी किसी और ने नहीं है बल्कि इनके मंत्री ही सामने लाए हैं। शाह ने कहा कि लाइट डायरी में खनन के साथ हजार करोड़ के, खनन पट्टे के 1000 करोड़ के और उदयसागर झील के 2000 करोड़ के तथा कालीसिंध के करोड़ों का घोटाले का मामला दर्ज है।

गृह मंत्री अमित शाह बेणेश्वर धाम में भाजपा की परिवर्तन यात्रा को झंडी दिखाने से पूर्व जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता से सवाल किया कि ऐसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री को चुनना चाहिए क्या? उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता के पास एक ही विकल्प है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बने।

उन्होंने कहा कि सीएम गहलोत कभी अपनी टोपी गायब करते हैं तों किसी और जादू के जरिए रुमाल गायब करते हैं लेकिन उन्होंने अब तो प्रदेश की पूरी बिजली ही गायब कर दी है।

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यूपीए सरकार के लोग कहते हैं कि पीएम मोदी जीते तो सनातन धर्म का राज आ जाएगा और संविधान के अनुसार यह देश चलेगा।

जनसभा में भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व अमित शाह ने धारा 370 को हटाकर आतंकवाद खत्म करने का काम किया। भाजपा की मजबूत सरकार की नीतियों की वजह से आज भारत देश सबसे शक्तिशाली देश बनाने के मार्ग पर चल रहा है। इस अवसर पर बहुत सारे युवा भी आज यहां बैठे हैं आप सबको याद दिलाना चाहती हूं कि चंद्रयान तीन चांद पर पहुंच चुका है। उसी के साथ-साथ आदित्य एल-01 मिशन सफल तरीके से लांच हुआ है। आज हम यह परिवर्तन यात्रा आपके इस क्षेत्र के बनेश्वर धाम के पवित्र मंदिर शुरू कर रहे हैं। यहां के जनजाति भाईयों ने क्षेत्र स्वाभिमान को ही सबसे बडा धन माना है। यहाँ के लोगों ने अपने स्वाभिमान और ईमान को कभी नहीं बिकने दिया और इसके लिए भी हम सब आपको नमन करते हैं।

वसुंधरा राजे ने कहा कि 2013 के चुनाव में इसी क्षेत्र के सहयोग की वजह से भाजपा को एक ऐतिहासिक जनादेश मिला था।  इस क्षेत्र में हमने मावजी महाराज और शिक्षा के क्षेत्र में अद्वितीय योगदान देने वाली कालीबाई का पैनोरमा बनाने का काम किया है। हमारे समय में राष्ट्रीय जनजाति संग्रहालय बना डूंगरपुर में मेडिकल कॉलेज बना बांसवाड़ा में गुरू गोविंद यूनिवर्सिटी और अन्य काम करने का मौका मिला। हमारी सरकार ने करोड़ों रुपए खर्च करके बेणेश्वर धाम का विकास करवाने का काम किया जिसमें बेणेश्वर का मुख्य रोड बनाया और बांसवाड़ा रोड से बेणेश्वर धाम तक सड़क बनाई यह सब लोगों को याद है। 9 अगस्त को विश्व जनजाति दिवस कल्याण दिवस की घोषणा करके अवकाश करने का काम भी हमारी सरकार ने किया।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि मेवाड़, बागड़ और काँठल की इस धरती पर 2023 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान में फिर से कमल खिलेगा। यह धरती पूजा की धरती है, यहां के लोगों ने वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के साथ कदम से कदम मिलाकर उस मुगलिया सल्तनत के बादशाह अकबर को यहां से खदेड़ने के लिए पराक्रम दिखाया। बेणेश्वर धाम के विकास में एक भी पैसा लगा है तो नरेंद्र मोदी सरकार में लगा है। उन्होंने कहा कि आज डूंगरपुर में भी रेल जा रही है, वहीं रतलाम बांसवाड़ा प्रतापगढ़ में भी रेल लाने का काम नरेंद्र मोदी सरकार ही कर रही है। आजादी के बाद पहली बार डूंगरपुर बांसवाड़ा और चित्तौड़ में दिवासी क्षेत्र में भी पहली बार हर ब्लॉक में करोड़ों रुपए के एकलव्य मॉडल स्कूल खुले हैं।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि  भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन यात्रा के रथ चारों दिशाओं से निकले हैं। ये रथ अश्वमेघ यज्ञ के चार घोड़े हैं। गृहमंत्री अमित शाह जहां भी जाते हैं वहां से मुगलिया सरकार हमेशा हमेशा के लिए सत्ता से बाहर हो जाती है। मेवाड़ की धरती ने जब-जब करवट ली है तब तब राज बदला है।

नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन बागड़ क्षेत्र के लिए गौरव का दिन है। हमारा जो नारा था जहां बलिदान हुए मुखर्जी वह कश्मीर हमारा है। नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में हमारा यह सपना पूरा हुआ धारा 370 हटाई गई। बेणेश्वर की भूमि अर्पण और तर्पण की भूमि है। यह रथ यात्रा वागड़ के  गांव गांव में जाएगी।

जनसभा में केंद्रीय कानून राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बेणेश्वर धाम को चमकाने के लिए हमारी मोदी सरकार ने संस्कृति मंत्रालय के जरिये बहुत बजट दिया है। हमारे खिलाफ कांग्रेस के लोग भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। कभी कहते है कि संविधान बदल देंगे, कभी कहते हैं कि हमारा ये बुरा कर देंगे आदि कई मनगढ़ंत आरोप लगा रहे हैं।