Voters Increased, But Not Voting : मतदान सिर्फ 2.34% ही बढ़ा, जबकि मतदाता 9% ज्यादा!     

महिला मतदाताओं की संख्या अनुमान से कम देखी गई! 

484

Voters Increased, But Not Voting : मतदान सिर्फ 2.34% ही बढ़ा, जबकि मतदाता 9% ज्यादा!

 

Indore : मतदान का दौर ख़त्म हो गया। इंदौर की 9 सीटों के उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद होकर स्ट्रांग रूम में बंद हो गई। इस बार मतदान का प्रतिशत 73.79 रहा। 2018 के विधानसभा चुनाव के मुकाबले इस बार मतदान में 2.34% की बढ़ौतरी हुई। लेकिन, अनुमान के हिसाब से ये बढ़ौतरी कम ही मानी जाएगी। क्योंकि, इस चुनाव में इंदौर में मतदाता 9% बढे हैं। जिले में 2013 के चुनाव में 70.61%, 2018 के चुनाव में 71.45% और 2023 में 73.79% मतदान हुआ।

पिछले चुनाव की तुलना में 2.34% की ही बढ़ौतरी देखी गई। जबकि, तीन ग्रामीण क्षेत्र की सीटों पर मतदान 0.67% कम हुआ। जबकि, शहरी 6 सीटों पर 2018 की तुलना में ये बढ़ा है। जिले में 27.55 लाख मतदाता हैं, जबकि मतदान 20.32 लाख (73.79 प्रतिशत) ने किया। इनमें 10.53 लाख (75.59%) पुरुषों ने मतदान किया जो पिछले चुनाव की तुलना में 2.68% ज्यादा रहा। जबकि, 9.79 लाख (71.88%) महिलाओं ने मतदान किया। पिछले चुनाव की तुलना में यह 2% ज्यादा रहा। उम्मीद की जा रही थी कि लाड़ली बहना योजना से प्रभावित होकर महिला मतदाताओं की संख्या रिकॉर्ड तोड़ सकती है, पर ऐसा नहीं हुआ।

 

76 थर्ड जेंडर ने मतदान किया

जिले के थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 106 है इनमें से 76 ने मतदान किया। इसमें भी सबसे ज्यादा 62 क्षेत्र क्रमांक 3 में हुआ। इंदौर की 9 सीटों में से क्षेत्र क्रमांक 4 में पिछले चुनाव की तुलना में सबसे ज्यादा मतदान (5.06 प्रतिशत) हुआ, वहीं महू में पिछले चुनाव की तुलना में इस बार 1.66% मतदान कम रहा।

 

तीन बार के चुनाव की स्थिति

पिछले दो विधानसभा चुनाव के मतदान की 2023 के मतदान से तुलना की जाए तो स्थिति स्पष्ट होती है।

● इंदौर-1 में 2023 में 72.28% मतदान हुआ, 2018 में 68.62% हुआ था और 2013 में मतदान 64.99% रहा था।

● इंदौर-2 2023 में 67.43% मतदान हुआ, 2018 में 64.30% हुआ था और 2013 में 65.83% रहा था।

● इंदौर-3 में 2023 में 71.22% मतदान हुआ, 2018 में 69.61% हुआ था और 2013 में 68.31% रहा था।

● इंदौर-4 में 2023 में 72.34% मतदान हुआ, 2018 में 67.22% हुआ था और 2013 में 68.25% रहा था।

● इंदौर-5 में 2023 में 67.90% मतदान हुआ, 2018 में 65.22% हुआ था और 2013 में 67.31% रहा था।

● राऊ में 2023 में 75.94% मतदान हुआ, 2018 में 73.47% हुआ था और 2013 में 73.33% रहा था।

● सांवेर ग्रामीण क्षेत्र में 2023 में 80.17% मतदान हुआ, 2018 में 80.43% हुआ था और 2013 में 78.47% रहा था।

● देपालपुर ग्रामीण क्षेत्र में 2023 में 82.49% मतदान हुआ, 2018 में 82.07% हुआ था और 2013 में 81.06% रहा था।

● महू ग्रामीण क्षेत्र में 2023 में 77.39% मतदान हुआ, 2018 में 78.98% हुआ था और 2013 में 78.04% रहा था।

(इस तरह 9 विधानसभाओं में इस बार मतदान का प्रतिशत 73.79% रहा जो 2018 में 71.45% और 2013 में 70.61% था।)