Crowd Gathered in Temples : खजराना में साढ़े 4 लाख और रणजीत हनुमान में डेढ़ लाख भक्तों का सैलाब!

चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच हुए दर्शन, आज सुबह तक दर्शनों का सिलसिला चला!

300

Crowd Gathered in Temples : खजराना में साढ़े 4 लाख और रणजीत हनुमान में डेढ़ लाख भक्तों का सैलाब!

Indore : बीते वर्ष 2023 की विदाई बेला के बाद नववर्ष की अगवानी पर भी धर्मस्थलों और पर्यटन स्थलों पर भक्तों का जमकर सैलाब उमड़ा। सुबह से देरशाम तक भक्तों की आवाजाही बनी रहती। मंदिर समिति द्वारा की गई चाक चौबंद व्यवस्था के बीच भक्तों ने दर्शन पूजन किए। पुलिस ने भी ट्रैफिक व्यवस्था सुधार में सहयोग किया। हालांकि, कुछ मार्गों पर वाहन गुत्थम गुत्था होते रहे।

2024 की सुबह पांच बजे खजराना गणेश मंदिर के पट खुल गए थे। पट खुलने से पहले ही सैकड़ों की संख्या में भक्तगण मुख्य गेट पर खड़े थे। जैसे-जैसे सूर्य देवता की रोशनी फैलती गई, वैसे-वैसे भक्तों की संख्या में इजाफा होने लगा। मंदिर के पुजारी अशोक भट्ट ने बताया कि प्रवेश के बाद दर्शन स्थल तक पहुंचने के लिए बैरिकेडिंग की गई थी। मंदिर समिति से जुड़े सदस्यों ने भक्तों को दर्शन कराने में सहयोग किया।

रविवार को यहां 60 हजार के आसपास भक्तगण पहुंचे थे। नववर्ष के पहले दिन अपेक्षा से अधिक करीब साढ़े 4 लाख भक्तों ने प्रवेश किया। इन भक्तों को रात 12 बजे तक दर्शन कराए जाएंगे। सुरक्षा की दृष्टि से भक्तों पर सीसीटीवी कैमरे से नजर रखी जा रही थी। भीड़ अधिक होने से किसी भी भक्त को गर्भगृह से दर्शन नहीं करने दिया गया। दर्शन के बाद भीड़ नहीं जुट सके, इसलिए तत्काल भक्तों को बाहर किया गया। इसमें पुलिस की मदद ली गई।

रणजीत हनुमान मंदिर में सवा लाख
शहर के दूसरे आस्था के केन्द्र रणजीत हनुमान मंदिर पर भी भक्तों का आने का सिलसिला सुबह 7 बजे से शुरू हो गया था। यहां बेरीकेड़िंग कर भक्तों को हनुमानजी के दर्शन कराए गए। रोड पर भक्तों की भीड़ जमा होने से आमजनों के वाहनों को परिवर्तित मार्गों से रवाना किया गया। यहां सवा लाख भक्तों ने दर्शन किए।

चिड़ियाघर में नहीं बढ़ा आंकड़ा
चिड़ियाघर में रविवार को 20 हजार दर्शकों ने वन्य प्राणियों को देखा था। सोमवार को आमतौर पर जू बंद रहता है, लेकिन नववर्ष के कारण महापौर पुष्यमित्र भार्गव के आदेश पर एक जनवरी को खुला रखा। नववर्ष पर भी दर्शकों की संख्या रविवार का आंकड़ा ही छू पाई। प्रभारी डॉ. उत्तम यादव के मुताबिक, नववर्ष और 31 दिसम्बर को इस बार पिछले साल की अपेक्षा कम मात्रा में दर्शक पहुंचे हैं।