‘Bharat Ratna’ to Karpoori Thakur : 100वीं जयंती से पहले कर्पूरी ठाकुर को ‘भारत रत्न’ देने की घोषणा!  

PM नरेंद्र मोदी ने उन्हें सामाजिक न्याय का पुरोधा बताया, ये निर्णय गौरवान्वित करने वाला! 

346

‘Bharat Ratna’ to Karpoori Thakur : 100वीं जयंती से पहले कर्पूरी ठाकुर को ‘भारत रत्न’ देने की घोषणा!

 

New Delhi : समाजवादी नेता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को 100वीं जयंती से एक दिन पहले मरणोपरांत ‘भारत रत्न’ देने की घोषणा की गई। यह जानकारी राष्ट्रपति भवन से जारी रिलीज में दी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर लिखा ‘मुझे इस बात की बहुत प्रसन्नता हो रही है कि भारत सरकार ने सामाजिक न्याय के पुरोधा महान जननायक कर्पूरी ठाकुर जी को भारत रत्न से सम्मानित करने का निर्णय लिया है।’ उन्होंने आगे लिखा ‘पिछड़ों और वंचितों के उत्थान के लिए कर्पूरी ठाकुर की अटूट प्रतिबद्धता और दूरदर्शी नेतृत्व ने भारत के सामाजिक-राजनीतिक परिदृश्य पर अमिट छाप छोड़ी है।’

IMG 20240124 WA0006

इस घोषणा के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि वर्षों पुरानी उनकी मांग आज पूरी हुई। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा ‘पूर्व मुख्यमंत्री और महान समाजवादी नेता स्व कर्पूरी ठाकुर जी को देश का सर्वोच्च सम्मान ‘भारत रत्न’ दिया जाना हार्दिक प्रसन्नता का विषय है। केंद्र सरकार का यह अच्छा निर्णय है। स्व कर्पूरी ठाकुर जी को उनकी 100वीं जयंती पर दिया जाने वाला यह सर्वोच्च सम्मान दलितों, वंचितों और उपेक्षित तबकों के बीच सकारात्मक भाव पैदा करेगा।’

बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार विधानसभा के शताब्दी वर्ष समारोह में उन्होंने इसकी मांग रखी थी। उन्होंने लिखा ‘बिहार विधानसभा के शताब्दी वर्ष समारोह में हमने आदरणीय प्रधानमंत्री जी के समक्ष जननायक कर्पूरी ठाकुर जी को भारत रत्न देकर देश के किसी भी प्रधानमंत्री के बिहार विधानसभा में प्रथम आगमन को और अधिक यादगार बनाने की माँग रखी थी।’

केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से विभूषित करने का फैसला देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने उनके जयंती समारोह के मौके पर लिया है, ये ऐतिहासिक है। मुझे इस बात का हर्ष है कि जननायक कर्पूरी ठाकुर जी की लोकसभा सीट उजियारपुर का मैं पिछले 10 सालों से प्रतिनिधित्व कर रहा हूं। यह सम्मान और गौरव उजियारपुर की जनता के साथ-साथ राज्य के 13 करोड़ लोगों का सम्मान है।’