Clash Between Collector & BDO : कलेक्टर पर BDO ने जूता फेंका, गालियां दी, अब पुलिस ढूंढ रही! 

जानिये, क्या था पूरा मामला!

695

Clash Between Collector & BDO : कलेक्टर पर BDO ने जूता फेंका, गालियां दी, अब पुलिस ढूंढ रही! 

Agra : प्रशासन की बैठक में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जिले के कलेक्टर (DM) भानुचंद्र गोस्वामी और खंड विकास अधिकारी (BDO) अनिरुद्ध सिंह चौहान के बीच बैठक में सीधी भिड़ंत हो गई। बीडीओ पर कलेक्टर के साथ मारपीट करने के प्रयास और गाली-गलौच करने के भी आरोप लगे। शिकायत में बताया गया कि बीडीओ ने कलेक्टर पर जूता भी फेंका था। घटना के बाद कलेक्टर की शासन को भेजी रिपोर्ट के बाद बीडीओ को अटैच कर दिया गया। एफआईआर के बाद उसे पुलिस भी ढूंढ रही है।

शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे कलेक्टर कैंप कार्यालय में शासन की योजनाओं को लेकर बैठक चल रही थी। बैठक में ओमुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह भी मौजूद थीं। इसके अलावा जिले के तमाम अधिकारी भी मौजूद थे। इस दौरान कलेक्टर सभी अफसरों से क्षेत्र की समस्या और विकास कार्यों के बारे में जानकारी ले रहे थे। साथ में कार्यों को व्यवस्थित करने और उन्हें गति देने के संबंध में जरूरी निर्देश भी दे रहे थे। सभी अधिकारी बारी-बारी से अपने क्षेत्र के विकास कार्यों के बारे में जानकारी दे रहे थे। इस बीच खंड विकास अधिकारी (BDO) अनिरुद्ध सिंह चौहान की भी बारी आई। बीडीओ ने अपने विकासखंड में किए गए कार्यों की जानकारी दी।

IMG 20240212 WA0028

इस दौरान कलेक्टर ने सवाल किया कि नगला कली उजरई रोड पर पानी भरने की समस्या क्यों नहीं खत्म हो पा रही है? वहां तालाब बनाने के लिए किस तरह की खुदाई की जा रही है? क्षेत्र के लोग परेशान हैं। इस पर उत्तेजित होते हुए बीडीओ ने कहा कि सारे काम मैं ही करूंगा क्या? और फिर अन्य सवालों का जवाब देने के बजाए वे कलेक्टर से अभद्रता करने लगे। उनके गलत व्यवहार करने के मामले में खंदौली के एडीओ पंचायत ने बीडीओ के खिलाफ थाना रकाबगंज में मुकदमा दर्ज कराया है। दर्ज FIR में अन्य बातों के अलावा यह भी दर्ज कराया गया कि बैठक में कलेक्टर ने पेपर वेट फेंका तो बीडीओ ने जवाब में उन पर जूता चला दिया।

डीएम ने शासन को घटनाक्रम की जानकारी देते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि एडीओ पंचायत द्वारा दी गई एफआईआर पर बीडीओ के खिलाफ संगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बीडीओ की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। कलेक्टर के साथ उनके शिविर कार्यालय पर बीडीओ द्वारा की गई अभद्रता का मामला कुछ ही देर में पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया।

बीडीओ पर कार्रवाई, अटैच किया

कलेक्टर (डीएम) और बीडीओ विवाद की गूंज लखनऊ तक पहुंची। डीएम से विवाद पर चर्चा में आए बरौली अहीर के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) अनिरुद्ध सिंह चौहान को सीडीओ प्रतिभा सिंह ने कार्यमुक्त कर दिया। कलेक्टर आगरा भानु चंद्र गोस्वामी ने बीडीओ के खिलाफ शासन को रिपोर्ट भेजी थी। इस पर शनिवार को शासन के निर्देश पर सीडीओ प्रतिभा सिंह ने शनिवार को आरोपी बीडीओ अनिरुद्ध सिंह चौहान को कार्यमुक्त कर दिया। उनका चार्ज संयुक्त खंड विकास अधिकारी बरौली अहीर देवेंद्र सिंह को दिया गया। आरोपी बीडीओ अनिरुद्ध सिंह को ग्राम में विकास आयुक्त कार्यालय से अटैच कर दिया गया है।