Third Term of Modi: धमाकेदार होगा अगला कार्यकाल

892

Third Term of Modi: धमाकेदार होगा अगला कार्यकाल

इन दिनों जब देश में लोकसभा चुनाव की सरगर्मी है, तब प्रधानमंत्री का एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है, जिसमें वे राजस्व अधिकारियों को संबोधित करते हुए कह रहे हैं कि मेरी तीसरी शपथ ग्रहण के बाद आपका काम काफी बढने वाला है, तैयार रहिये। ये स्पष्ट तौर पर इस बात का संकेत है कि केंद्र में भाजपा सरकार के तीसरे कार्यकाल में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी मुहिम चलाई जा सकती है। ताज्जुब नहीं,इसकी चपेट में कुछ भाजपा समर्थित कारोबारी,कारखानेदार और नेता भी आ जायें। इतना तो तय जानिये कि मोदी जी अपने तीसरे कार्यकाल में देश में न्याय,समानता,ईमान,कर्मठता,देश प्रेम और तेज गति से जुड़े विकास के मामलों को न केवल विस्तार देंगे, बल्कि ऐसी व्यवस्था भी कर जायेंगे कि आने वाली अनेक सरकारें उन मानकों पर स्वेच्छा या मजबूरी से चलने को बाध्य होंगी।

 

इस वीडियो से दो बातें बेहद साफ हैं। पहली,मोदी सरकार फिर से अ रही है। दूसरी, मोदी जी इस बार वो कर जायेंगे, जिसकी कल्पना अभी तो शायद भाजपा वाले भी नहीं कर रहे। वैसे अपने दूसरे कार्यकाल में उन्होंने काफी कुछ ऐसे संकेत तो दे ही दिये कि ठोस,अप्रिय लेकिन जनहितकारी फैसले लेने में उन्हें कोई संकोच नहीं होता। राजनीति में परिवारवाद के खिलाफ उनका निरंतर चिंतन और क्रियान्वयन स्पष्ट हो चुका है। जहां 2019 के चुनाव में भाजपा ने करीब सवा सौ सासंदों के टिकट काटकर नये चेहरे उतारे थे, वहीं 2024 के चुनाव में 101 मौजूदा सांसदों की बिदाई कर नये कार्यकर्ताओं को मौका दिया है। यह बताता है कि अब भाजपा में चाहे जो 4-6 बार का विधायक या सासंद नहीं हो पायेगा। दल का आकार जिस तेजी से बढ़ रहा है और मूल भाजपा कार्यकर्ताओं के अलावा अन्य दलों से भी जिस प्रवाह से लोग आ रहे हैं, उन्हें समायोजित नहीं किया गया तो भाजपा की जड़ें भी हिल सकती हैं। इसलिये मानकर चलिये कि आने वाली भाजपा में पिता,पुत्र,पति-पत्नी,भाई,काका,मामा एकमुश्त संवैधानिक पदों पर नहीं रह पायेंगे। योग्य,समर्पित और निरंतर सक्रिय भाजपाई ही किसी पद के हकदार होंगे।

राजस्व अधिकारियों के बीच कही गई बात को चुनावी जुमला या लोकप्रियता की राजनीति का हिस्सा मानना भी बड़ी भूल होगी। आश्चर्य नहीं, यदि उनकी योजना पर काम भी प्रारंभ हो चुका हो। अभी सरकार पर यह आरोप लगते रहे हैं कि वह आयकर,ईडी,सीबीआई जैसे संस्थानों का उपयोग अपने हित के लिये,विरोधियों को परेशान करने के लिये कर रही है। इस तरह के आरोप हर सरकार पर लगते ही हैं और सच भी यही है कि कुछ मामलों में सराकरें ऐसा करती रही हैं, लेकिन ऐसे मसले न्यायालय की चौखट पर दम तोड़ देते हैं। इसलिये ये एजेंसियां अब जो भी कार्रवाई करेंगी,उसे न्यूनतम बिंदुओं का तो ध्यान रखना ही होगा, ताकि न्यायालय में उसकी और सरकार की किरकिरी न हो,विश्वसनीयता पर आंच न आये।

 

जिन अन्य बदलावों की चर्चा चलती है,उसमें समान नागरिक संहिता,एनसीआर(राष्ट्रीय नागरिकता पंजीकरण),पाक अधिकृत कश्मीर को लेना या पाकिस्तान से पृथक करना,बलूचिस्तान को स्वतंत्रता दिलाना,एक देश-एक चुनाव व्यवस्था लागू करना जैसे मसले प्रमुख हो सकते हैं। मोदी सरकार कैसे इन पर चरणबद्ध काम करती है, देखना होगा। इसके अलावा देश को बड़ी आर्थिक ताकत बनाना भी मोदी जी की प्राथमिकताओं में है। वे स्वदेशी को बढ़ावा देकर मेक इन इंडिया के नारे को बुलंद कर इस दिशा में तेज कदम बढ़ायेंगे ही। देश में ऐसे अनेक विशेष आर्थिक क्षेत्र बनाये जा सकते हैं, जहां करों में रियायत हो,जरूरी औपचारिकतायें एक छत के नीचे पूरी हों, भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था हो। ऐसी ही एक परियोजना गुजराते के धोलेरा में आकार ले रही है, ,जहां दुनिया की आधुनिकतम सुविधायें जुटाकर औद्योगिक,कारोबारी,रहवासी प्रक्षेत्र विकसित किया जा रहा है,जिसका दुनिया में सानी नहीं होगा। संभव है,अगले कार्यकाल में मोदी जी अनेक प्रदेशों में ऐसा एक-एक क्षेत्र विकसित करने की पहल करें।

 

कांग्रेस मुक्त भारत कर देने के बाद उनका अगला कदम भ्रष्टाचार मुक्त भारत की दिशा में भी उठाया जा सकता है। बेशक ऐसा करना न तो आसान होगा, न पलक झपकते यह होगा। आखिरकार, इसके लिये जन भागीदारी ज्यादा जरूरी है। जब तक नागरिकों के मन में भी यह भाव नहीं आता कि वे बिना रिश्वत के काम करवायेंगे, तब तक व्यवस्था से जुड़े लोग भी आगे नहीं बढ़ पायेंगे। इसके लिये सरकार के स्तर पर कुछ कानून,कुछ प्रावधान और कुछ पहल जरूरी होगी।

 

संविधान को पूरी तरह बदल देने या ऐसे बड़े परिवर्तन की चर्चा जोर शोर से चल रही है। एक स्वतंत्र,सार्व भौम राष्ट्र के लिये यह आवश्यक भी है कि अंग्रेजोँ के कानून-नियम गहरे दफन कर दिये जायें। इसके लिये जरूरी नियम-प्रक्रिया भी अपनानी ही होगी,लेकिन यह तो होना ही चाहिये। आखिरकार हम कब तक अंग्रेजों की शिक्षा प्रणाली,अंग्रेजों के कानून-कायदे जारी रखेंगे? देश के तमाम राजनीतिक दलों को इस पर निजी स्वार्थ से परे होकर साथ देना चाहिये।

 

ये तो वे मुद्दे हैं, जिन पर कुछ समय से गाहे-बगाहे चर्चा होती रही है, लेकिन मोदी जी की चिंतन शैली,कार्य प्रणाली में चौंकाने वाले फैसले लेना प्रमुख है तो वैसे भी कुछ सकारात्मक बदलाव के लिये हमें प्रतीक्षा करना चाहिये, जो भारत राष्ट्र को अधिक समृद्धशाली,चैतन्य,सक्षम,विकसित,आत्म निर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण हो।

Author profile
thumb 31991 200 200 0 0 crop
रमण रावल

 

संपादक - वीकेंड पोस्ट

स्थानीय संपादक - पीपुल्स समाचार,इंदौर                               

संपादक - चौथासंसार, इंदौर

प्रधान संपादक - भास्कर टीवी(बीटीवी), इंदौर

शहर संपादक - नईदुनिया, इंदौर

समाचार संपादक - दैनिक भास्कर, इंदौर

कार्यकारी संपादक  - चौथा संसार, इंदौर

उप संपादक - नवभारत, इंदौर

साहित्य संपादक - चौथासंसार, इंदौर                                                             

समाचार संपादक - प्रभातकिरण, इंदौर      

                                                 

1979 से 1981 तक साप्ताहिक अखबार युग प्रभात,स्पूतनिक और दैनिक अखबार इंदौर समाचार में उप संपादक और नगर प्रतिनिधि के दायित्व का निर्वाह किया ।

शिक्षा - वाणिज्य स्नातक (1976), विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन

उल्लेखनीय-

० 1990 में  दैनिक नवभारत के लिये इंदौर के 50 से अधिक उद्योगपतियों , कारोबारियों से साक्षात्कार लेकर उनके उत्थान की दास्तान का प्रकाशन । इंदौर के इतिहास में पहली बार कॉर्पोरेट प्रोफाइल दिया गया।

० अनेक विख्यात हस्तियों का साक्षात्कार-बाबा आमटे,अटल बिहारी वाजपेयी,चंद्रशेखर,चौधरी चरणसिंह,संत लोंगोवाल,हरिवंश राय बच्चन,गुलाम अली,श्रीराम लागू,सदाशिवराव अमरापुरकर,सुनील दत्त,जगदगुरु शंकाराचार्य,दिग्विजयसिंह,कैलाश जोशी,वीरेंद्र कुमार सखलेचा,सुब्रमण्यम स्वामी, लोकमान्य टिळक के प्रपोत्र दीपक टिळक।

० 1984 के आम चुनाव का कवरेज करने उ.प्र. का दौरा,जहां अमेठी,रायबरेली,इलाहाबाद के राजनीतिक समीकरण का जायजा लिया।

० अमिताभ बच्चन से साक्षात्कार, 1985।

० 2011 से नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने की संभावना वाले अनेक लेखों का विभिन्न अखबारों में प्रकाशन, जिसके संकलन की किताब मोदी युग का विमोचन जुलाई 2014 में किया गया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को भी किताब भेंट की गयी। 2019 में केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के एक माह के भीतर किताब युग-युग मोदी का प्रकाशन 23 जून 2019 को।

सम्मान- मध्यप्रदेश शासन के जनसंपर्क विभाग द्वारा स्थापित राहुल बारपुते आंचलिक पत्रकारिता सम्मान-2016 से सम्मानित।

विशेष-  भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा 18 से 20 अगस्त तक मॉरीशस में आयोजित 11वें विश्व हिंदी सम्मेलन में सरकारी प्रतिनिधिमंडल में बतौर सदस्य शरीक।

मनोनयन- म.प्र. शासन के जनसंपर्क विभाग की राज्य स्तरीय पत्रकार अधिमान्यता समिति के दो बार सदस्य मनोनीत।

किताबें-इंदौर के सितारे(2014),इंदौर के सितारे भाग-2(2015),इंदौर के सितारे भाग 3(2018), मोदी युग(2014), अंगदान(2016) , युग-युग मोदी(2019) सहित 8 किताबें प्रकाशित ।

भाषा-हिंदी,मराठी,गुजराती,सामान्य अंग्रेजी।

रुचि-मानवीय,सामाजिक,राजनीतिक मुद्दों पर लेखन,साक्षात्कार ।

संप्रति- 2014 से बतौर स्वतंत्र पत्रकार भास्कर, नईदुनिया,प्रभातकिरण,अग्निबाण, चौथा संसार,दबंग दुनिया,पीपुल्स समाचार,आचरण , लोकमत समाचार , राज एक्सप्रेस, वेबदुनिया , मीडियावाला डॉट इन  आदि में लेखन।