UP BJP Working Committee : हम 2027 में फिर UP में सरकार बनाएंगे, भाजपा कार्यसमिति की बैठक में योगी का आह्वान!

वोटों शिफ्टिंग और अति आत्मविश्वास ने हमारी अपेक्षाओं को चोट पहुंचाई!  

153

UP BJP Working Committee : हम 2027 में फिर UP में सरकार बनाएंगे, भाजपा कार्यसमिति की बैठक में योगी का आह्वान!

Lucknow : उत्तर प्रदेश में 10 सीटों पर होने जा रहे विधानसभा उपचुनाव और 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी ने सभी को अभी से सक्रिय होने की अपील की। उत्तर प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सभी लोग आज से ही 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। हमें एक बार फिर प्रदेश में भाजपा का परचम लहराना है। अति आत्मविश्वास ने हमारी अपेक्षाओं को चोट पहुंचाई। सीएम रविवार को डॉ राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के डॉ भीमराव अंबेडकर सभागार में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

IMG 20240715 WA0014

इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा आज की भी पार्टी है और भविष्य की पार्टी भी। हमको ये बात समझनी चाहिए कि हमारे कंधों पर जो जिम्मेवारी मौसमी नहीं है। यह जिम्मेवारी सदैव और निरंतर हमारे कंधों पर है। उन्होंने कहा कि भारत की जनता ने लगातार तीसरी बार हमको समर्थन दिया है तो इसका मतलब यह है कि उसने एक विशेष कार्य के लिए यह जनादेश दिया है। हम पूरे भारत में राजनीति करते हैं। देश का कोई ऐसा कोना नहीं है जहां भाजपा की उपस्थित ना हो। भाजपा की इस स्थित में अपने कार्यकर्ताओं के दम पर यहां पहुंची है। कार्यकर्ता ही पार्टी के लिए सबसे महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि जहां कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ी है वहां उसका स्ट्राइक रेट 26% है और जहां वह किसी के साथ है वहां उसका स्ट्राइक रेट 50% है। यह पार्टी एक परजीवी बन गई है। वहां दूसरी पार्टी के सहारे खड़ी होकर सत्ता पाना चाहती है। आज कांग्रेस क्षेत्रीय पार्टियों की ताकत पर खड़ी पार्टी है। यह बात रीजनल पार्टियों को समझनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जो इंडिया गठबंधन है वह सभी सीटें जोड़ लें तब भी हमारी अकेली सीटों से कम है।

IMG 20240715 WA0016

जबकि, मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमने यूपी में 2014, 2017, 2019 और 2022 में बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए विपक्ष पर लगातार दबाव बनाए रखा था। 2014 और उसके बाद के चुनावों में जितना मत प्रतिशत भाजपा के पक्ष में था, 2024 में भी भाजपा उतना वोट पाने में सफल रही है, लेकिन वोटों की शिफ्टिंग और अति आत्मविश्वास ने हमारी अपेक्षाओं को चोट पहुंचाई है। जो विपक्ष पहले हार मान के बैठ गया था, वो आज फिर से उछल-कूद मचा रहा है।

 

बैकफुट पर आने की जरूरत नहीं

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2022 में विपक्ष चुनाव के बाद मारपीट पर उतारू हो गया था। तब हमारे सभी कार्यकर्ताओं को ये लगा कि वास्तव में हमारी सरकार का माफिया मुक्त यूपी का विहान इन्हीं गुंडों के लिए है। आज आपके सहयोग से हमें यूपी को माफिया मुक्त करने में सफलता मिली है। इसके अलावा अयोध्या में श्रीरामलला अपने मंदिर में विराजमान हुए तो 500 वर्षों का इंतजार भी समाप्त हुआ है। सीएम योगी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को किसी भी स्थिति में बैकफुट पर आने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि आपने कार्य किया है। जब आप विपक्ष में थे तब जनता के मुद्दों को लेकर लड़ते थे, जब सरकार में हैं तो यूपी में सुरक्षा का वातावरण देखने को मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने पूरे देश में विधि और सुशासन की सरकार चला के दिखाया है। मुख्यमंत्री ने कोरोना काल की चर्चा करते हुए कहा कि तब प्रधानमंत्री मोदी ने सेवा ही संगठन का मंत्र दिया था। उस वक्त भी भाजपा और आरएसएस के कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर जनता की सेवा कर रहे थे, मगर अन्य कोई राजनीतिक दल तब नहीं दिखा।

 

कभी ऐसे इन्फ्रास्ट्रक्चर कल्पना तक नहीं की

उन्होंने कहा कि हम जाति, मत, मजहब के नाम पर भेदभाव नहीं करते। 80 करोड़ लोगों को फ्री राशन किसी की जाति, धर्म देखकर नहीं मिल रहा। कोरोना काल में भी भूख से मौत और आत्महत्या नहीं होने दिया गया। उस कालखंड में भी हमारे कार्यकर्ता अपनी जान की परवाह किये बगैर लगातार कार्य करते रहे। जिस कोरोना के सामने दुनिया की बड़ी-बड़ी ताकतें नतमस्तक हो गई, उसे पीएम मोदी के नेतृत्व में समाप्त करने का कार्य हम सबने मिलकर किया। योगी ने इन्सेफेलाइटिस का मामला सामने रखते हुए कहा कि जब जेपी नड्डा जी देश के स्वास्थ्य मंत्री बने थे तब मैं एक सांसद के नाते उनसे मिला था। इन्सेफेलाइटिस को हमारी सरकार ने प्राथमिकता पर रखा और 40 साल से ज्यादा समय से पूर्वांचल में आतंक मचाने वाली इस बीमारी को हमने जड़ से समाप्त कर दिया। योगी ने कहा कि आज गोरखपुर में एम्स शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि यूपी में कभी इन्फ्रास्ट्रक्चर कल्पना थी, आज कहीं जाइए आपको फोरलेन कनेक्टिविटी मिलेगी।

 

समाजवादियों ने धार्मिक परंपरा को लहुलुहान किया

योगी ने कहा कि हमने बुंदेलखंड को डकैत मुक्त बनाने का संकल्प लिया था जो कि पूरा हो चुका है। प्रदेश माफिया मुक्त हो चुका है। उन्होंने डॉ लोहिया को याद करते हुए कहा कि लोहिया जी ने कहा था कि जबतक भारत में राम, कृष्ण और शिव की पूजा होगी भाारत को कोई समाप्त नहीं कर सकता। मगर इन समाजवादियों ने राम, कृष्ण और शिव की परंपरा को लहुलुहान किया था। सीएम योगी ने कहा कि जब प्रयागराज में राजू पाल और उमेश पाल की हत्या होती है, तब क्या ये लोग पिछड़ी जाति के नहीं थे। कृष्णानंद राय के साथ रमेश पटेल और रमेश यादव भी मौत के घाट उतार दिये गये, क्या ये पिछड़ी जातियों के नहीं थे। आज माफिया के लिए फातिहा पढ़ने वाले फिर से चिल्ला-चिल्ला कर चुनौती देने की स्थिति में आ गए।

 

समाजवादी पार्टी ने महापुरुषों का अपमान किया

मुख्यमंत्री ने कहा कि कन्नौज के मेडिकल कॉलेज का नाम डॉ भीमराव अंबेडकर के नाम पर था। सपा के तत्कालीन मुख्यमंत्री ने उसका नाम बदल दिया। हमारी सरकार आने के बाद हमने फिर से बाबा साहब के नाम पर विश्वविद्यालय का नामकरण किया। समाजवादी पार्टी हमेशा से दलित चिंतकों और महापुरुषों का अपमान करती रही है। इन लोगों ने अनुसूचित जाति के आरक्षण में सेंध लगाने का कार्य किया। एससी के स्कॉलरशिप को रोकने का काम किया। वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री मोदी जी ने बाबा साहब के पंच तीर्थ बनाए गये। संविधान को सिर माथे रखकर नई संसद में स्थापित किया। भाजपा संविधान को सर्वोच्च सम्मान देने वाली पार्टी है। मगर अफवाह और भ्रम फैलाकर माहौल खराब करने का प्रयास किया गया।

 

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का ज्यादा उपयोग करना होगा

योगी ने कहा कि दुनिया जानती है कि हमारा समाज बिखरा होगा तो आसानी से शिकार हो जाएगा, मगर एकजुट होगा तो बड़ी-बड़ी ताकतें भी इसके सामने धराशाई हो जाएंगी। जाति के नाम पर विभाजित और शक्ति को छिन्न-भिन्न करने का जो पाप इस चुनाव में हुआ है, हमें इससे सतर्क और सावधान होना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का ज्यादा से ज्यादा उपयोग करना होगा। इसी सोशल मीडिया का उपयोग करके षड्यंत्र के साथ विरोधी ताकतें और विदेशी लगे थे, जिसमें वो सफल हो गये। हम राष्ट्रवादी मिशन वाले लोग हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं को ये देखना होगा कि सोशल मीडिया पर क्या चल रहा है। हमें अफवाहों का तत्काल खंडन करना होगा। अनुसूचित जाति के महापुरुषों के बारे में भाजपा के विचारों को सबके सामने लाना होगा। 2019 में हमने इसी प्रदेश में सबसे बड़े गठबंधन को धराशाई किया था।