MP News: 5 साल में बढ़े शासकीय नियमित कर्मचारी, आधी आबादी की नहीं बढ़ी हिस्सेदारी

56

MP News: 5 साल में बढ़े शासकीय नियमित कर्मचारी, आधी आबादी की नहीं बढ़ी हिस्सेदारी

 

भोपाल:प्रदेश के सरकारी विभागों में नियमित कर्मचारियों की संख्या पिछले पांच सालों में लगातार बढ़ रही है। शासकीय विभागों में नियमित कर्मचारियों की संख्या पांच लाख 90 हजार से अधिक हो चुकी है लेकिन इसमें आधी आबादी याने महिलाओं की संख्या तेजी से नहीं बढ़ रही है।

आर्थिक एवं सांख्यिकी संचालनालय के आंकड़ों की बात करें तो वर्ष 2019 में प्रदेश में शासकीय विभागों में नियमित कर्मचारियों की संख्या 4 लाख 72 हजार 307 थी। यह अगले वर्ष 2020 में बढ़कर 5 लाख 54 हजार 991 हो गई। उसके बाद अगले साल इसमें इजाफा हुआ और यह संख्या बढ़कर 5 लाख 72 हजार 288 हो गई। वर्ष 2022 में यह संख्या पांच लाख 87 हजार 425 हो गई। इसके बाद यह संख्या बढ़कर 5 लाख 90 हजार 550 हो गई है। पूरे प्रदेश में सार्वजनिक उपक्रम, अर्द्ध शासकीय संस्थानों में यह संख्या दस हजार घट गई है। वर्तमान में केवल 37 हजार 330 ऐसे कर्मचारी है। वर्ष 2019 में इनकी संख्या 47 हजार 180 थी।

नगरीय निकायों और ग्रामीण स्थानीय निकायों में भी संख्या कम हो गई है। नगरीय निकायों में पांच साल पहले पैतीस हजार 284 कर्मचारी थे। वहीं अब यहां 30 हजार 972 कर्मचारी बचे है। स्थानीय ग्रामीण निकायों में पहले 5 हजार 635 कर्मचारी थे अब इनकी संख्या 5413 रह गई है।विकास प्राधिकरण और विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण में कर्मचारियों की संख्या घटकर 688 पर आ गई है।

विश्वविद्यालयों में कर्मचारियों का आंकड़ा 4 हजार 498 पर आ गया है। कुल कर्मचारियों की संख्या में जरुर इजाफा हुआ है। वर्ष 2019 में यह संख्या 5 लाख 65 हजार 840 थी जो अब 6 लाख 69 हजार 451 हो गई है।

*आधी आबादी की नहीं बढ़ी हिस्सेदारी-* 

मयप्रदेश में तृतीय श्रेणी के 3 लाख 47 हजार 651 पुरुष कर्मचारी है उनके मुकाबले महिलाओं की संख्या केवल 1 लाख 37 हजार 277 ही है। चतुर्थ श्रेणी में पुरुष कर्मचारियों की संख्या 47 हजार 183 है तो महिला कर्मचारियों की संख्या केवल 11 हजार 958 ही है। प्रदेश के कुल 5 लाख 90 हजार 550 कर्मचारियों में से पुरुषों की संख्या 4 लाख 26 हजार 664 है वहीं महिला कर्मचारियों की संख्या 1 लाख 63 हजार 886 है।