Preparation to Increase Taxes : इंदौर नगर निगम की टैक्स बढ़ाने की तैयारी, सारी तैयारी कर ली गई!

संपत्ति, जलकर और कचरा शुल्क में हो सकती है भारी बढ़ोतरी!

44

Preparation to Increase Taxes : इंदौर नगर निगम की टैक्स बढ़ाने की तैयारी, सारी तैयारी कर ली गई!

Indore : नगर निगम अब टैक्स बढ़ाने की तैयारी में है। इसके लिए विशेष रणनीति तैयार कर कवायद भी कर ली गई, ताकि जनता पर भारी भरकम टैक्स का बोझ डाल दिया जाए। निगम ने संपत्तिकर, जलकर और कचरा संग्रहण शुल्क बढ़ाने की तैयारी की है। जो शुल्क बढ़ाया जा रहा, उसके पीछे कारण भी खोज लिए गए!

बताया जा रहा है कि जलकर की वर्तमान दर 200 रुपये को बढ़ाकर 300 रुपये प्रतिमाह किया जाएगा, जबकि संपत्ति कर में 2 रुपये प्रति वर्गफीट की बढ़ोतरी की जा रही है। कचरे के कलेक्शन शुल्क को लेकर भी नया फार्मूला तैयार किया जा रहा है। हाल ही में हुई भाजपा कोर कमेटी की बैठक में टैक्स की दरों में बदलाव को लेकर चर्चा हुई है। हालांकि शहर के विधायक बढ़ोतरी के विरोध में हैं।

कचरा संग्रहण शुल्क बढ़ेगा
कचरा संग्रहण शुल्क में बढ़ोतरी के लिए निगम नए फॉर्मूले पर काम कर रहा है। वर्तमान में बहुमंजिला में रहने वाले कई परिवार कचरा संग्रहण शुल्क नहीं चुकाते। ऐसे परिवारों पर लगाम कसने की तैयारी की जा रही है। निगम कचरा संग्रहण शुल्क में 10 प्रतिशत से 100% तक की बढ़ोतरी कर सकता है।

जलकर और संपत्ति कर बढ़ाने के तर्क
वर्तमान में नगर निगम जलकर के रूप में 200 रुपए प्रतिमाह वसूल रहा है। इस टैक्स की राशि को अब बढ़ाकर 300 रुपए करने की तैयारी है। इसके पीछे निगम का तर्क है कि निगम जलूद से नर्मदा का जल इंदौर लाने पर वसूली जा रही रकम से कई गुना ज्यादा राशि खर्च रहा है। बताया जा रहा है कि 15 साल पहले जल कर में बदलाव किया गया था। इन बरसों में बिजली और अन्य खर्चों में बढ़ोतरी हुई है।

इसके अलावा संपत्ति कर में भी दो रुपये प्रति वर्ग फुट की बढ़ोतरी किए जाने की तैयारी है। यह बदलाव भी कई बरस बाद किया जा रहा है। नगर निगम ने कालोनियों के रेट जोन में बदलाव कर संपत्ति कर में भी बढ़ोतरी की थी।