Municipal Corporation Budget : इंदौर नगर निगम ने 15 साल बाद टैक्स बढ़ाया, 8 हजार करोड़ का बजट पेश!

सिटी बस में कामकाजी महिलाओं को 75% और स्टूडेंट्स को 25% छूट मिलेगी! 

544

Municipal Corporation Budget : इंदौर नगर निगम ने 15 साल बाद टैक्स बढ़ाया, 8 हजार करोड़ का बजट पेश!

Indore : शहर के विकास के लिए नगर निगम ने 8 हजार करोड़ का बजट पेश किया। इस बार के बजट में जलकर और संपत्ति कर बढ़ाया गया है। जलकर में 100 रुपए बढ़ाए गए, जबकि संपत्ति कर में आवासीय में अधिकतम 3 और कमर्शियल में 7 रुपए प्रति वर्ग फीट की अधिकतम वृद्धि की गई। डोर टू डोर कचरा शुल्क में कोई वृद्धि नहीं की गई। कामकाजी महिला को सिटी बस में 75% और स्टूडेंट्स को 25% छूट दी गई।

इस दौरान विपक्षी नेताओं ने हंगामा शुरू कर दिया, इस कारण बजट पर चर्चा नहीं हो पा रही थी। हंगामे के कारण नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे को एक दिन के लिए सदन से निष्कासित कर दिया। इससे नाराज कांग्रेस पार्षदों ने बजट का बहिष्कार कर दिया और सदन से बाहर चले गए। इसके बाद मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने बजट भाषण पढ़ा। नगर निगम ने अपनी आय बढ़ाने के लिए इंदौर में एक आवासीय स्कीम लागू करने की घोषणा की। इसके अलावा कुछ एरिया में बहुमंजिला भवन भी बनाए जाएंगे। जलकर के लिए वन टाइम सेटलमेंट योजना के तहत 50 परसेंट की छूट दी गई। 29 गांव की नजूल भूमियों पर भी निगम पीपीपी मॉडल के तहत प्रोजेक्ट लाएगा।

नगर निगम के सभापति मुन्ना लाल यादव ने आज महापौर पुष्यमित्र भार्गव द्वारा प्रस्तुत बजट को पहले ही दिन बिना चर्चा के सर्वसम्मति से पास घोषित कर दिया। बाद में जब निगम अधिकारियों ने उन्हें जानकारी दी कि बजट कल चर्चा के बाद ही पास घोषित किया जाएगा, तब उन्होंने भूल सुधार करते हुए कल बजट पर चर्चा की घोषणा की।

IMG 20240730 WA0144 scaled

कांग्रेस ने टैक्स बढ़ाने का विरोध किया 

कांग्रेस पार्षदों ने 100 करोड़ के ड्रेनेज घोटाले का विरोध काले कपड़े पहन कर किया। वे तख्ती लेकर परिषद हॉल में जाने लगे तो बाउंसरों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस बात को लेकर विवाद भी हुआ। टैक्स बढ़ाए जाने के विरोध में कांग्रेस पार्षद धरने पर बैठ गए।

 

बजट की प्रमुख घोषणाएं

– 468 करोड़ की लागत से शहर की सड़कों का विकास होगा। कुल 23 मार्ग बनेंगे। इसमें मास्टर प्लान की तीन सड़कें भी शामिल हैं।

– बजट में डिजिटलाइजेशन पर फोकस किया गया है। निगम खुद का ई-पोर्टल तैयार करेगा।

– वेस्ट टू एनर्जी के लिए 200 करोड़ रुपये का नया प्लांट नगर निगम तैयार करेगा। 500 टन कचरे का निपटान होगा और 6 मेगावाट बिजली भी बनेगी।

– शहर की 30 बस्तियों को ग्रीन स्लम बनाया जाएगा। डेढ़ सौ नए कचरा वाहन डोर टू डोर व्यवस्था के लिए खरीदे जाएंगे।

– शहर के हर वार्ड की एक कॉलोनी को 100% सोलर बेस्ड किया जाएगा। पांच उद्यानों में भी सोलर सिस्टम लगाए जाएंगे।

– इस साल नर्मदा के चौथे चरण का काम शुरू होगा। 27 नई टंकियां बनाई जाएगीं। इस प्रोजेक्ट पर 1800 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

– इंदौर के पांच इलाकों में आधुनिक पार्किंग बनाई जाएगी।

– इंदौर में कान्हा नदी के शुद्धिकरण के लिए 500 करोड़ के ट्रीटमेंट प्लांट बनाए जाएंगे।