Dr Rajesh Rajora: आज डॉ राजेश राजौरा के CS के आदेश के साथ ही होंगे ACS स्तर पर बड़े फेरबदल, नीरज मंडलोई बनेंगे ACS 

433

Dr Rajesh Rajora: आज डॉ राजेश राजौरा के CS के आदेश के साथ ही होंगे ACS स्तर पर बड़े फेरबदल, नीरज मंडलोई बनेंगे ACS 

भोपाल: Dr Rajesh Rajora: भारतीय प्रशासनिक सेवा में 1990 बैच के IAS अधिकारी डॉ राजेश राजौरा मध्य प्रदेश के नए मुख्य सचिव होंगे। मध्य प्रदेश के सर्वोच्च प्रशासनिक पद पर उनकी नियुक्ति संबंधी आदेश आज कभी भी जारी हो सकते हैं। राजौरा के मुख्य सचिव के आदेश के साथ ही अपर मुख्य सचिव स्तर पर भी बड़े फेरबदल की चर्चा है।

 

भारतीय प्रशासनिक सेवा में 1990 बैच के IAS अधिकारी डॉ राजेश राजौरा मध्य प्रदेश के नए मुख्य सचिव होंगे। अब यह सस्पेंस लगभग समाप्त माना जा रहा है और आज कभी भी उनके आदेश जारी हो जाएंगे। बता दें की मुख्य सचिव वीरा राणा अपने एक्सटेंशन कार्यकाल के बाद आज रिटायर हो रही हैं। माना जा रहा है कि उन्हें पूर्व मुख्य सचिव बीपी सिंह के स्थान पर राज्य निर्वाचन आयुक्त के पद से नवाजा जाएगा। आज ही प्रमुख सचिव नगरीय विकास और आवास विभाग नीरज मंडलोई के अपर मुख्य सचिव पद पर पदोन्नति संबंधी आदेश भी जारी होंगे।

डॉ राजेश राजौरा के मुख्य सचिव बनते ही मंत्रालय में अपर मुख्य सचिव स्तर पर बड़े फेरबदल की चर्चा है। स्वाभाविक रूप से जैसे ही राजेश राजौरा के CS पद के आदेश होंगे,उसी के साथ उनसे 1 साल वरिष्ठ भारतीय प्रशासनिक सेवा में 1989 बैच के अधिकारी मोहम्मद सुलेमान को मंत्रालय से बाहर पदस्थ करना होगा। वे माध्यमिक शिक्षा मंडल के अध्यक्ष बनाए जा सकते हैं या व्यापम का अतिरिक्त प्रभार उनके पास है जो लगातार बने रह सकता है।

सुलेमान वर्तमान में कृषि उत्पादन आयुक्त हैं। उनके मंत्रालय से बाहर होने पर किस ACS को इस महत्वपूर्ण पद पर पदस्थ किया जाएगा इसे लेकर बताया जा रहा है कि अशोक वर्णवाल को फिलहाल अपने वर्तमान दायित्व के साथ यह दायित्व भी मिल सकता है। इसी प्रकार राजेश राजौरा के मुख्य सचिव बनते ही उनके पास के वर्तमान प्रभार अपर मुख्य सचिव नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण और जल संसाधन का दायित्व अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव को मिल सकता है। अगर ऐसा हुआ तो मनु के वर्तमान प्रभार ACS ऊर्जा विभाग, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव संजय शुक्ला को दिया जा सकता है जो ऊर्जा संबंधी मामलों के जानकार माने जाते हैं और पूर्व में भी ऊर्जा विभाग के प्रमुख रहे हैं।

राजेश राजौरा के मुख्य सचिव बनते ही एक और परिवर्तन यह होगा कि संजय शुक्ला मुख्यमंत्री सचिवालय के प्रमुख बन जाएंगे। शुक्ला भारतीय प्रशासनिक सेवा में 1994 बैच के अधिकारी हैं।

बता दें कि मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव के लिए राजौरा के ही बैचमेट अपर मुख्य सचिव गृह और परिवहन एसएन मिश्रा और केंद्र सरकार में सचिव अनुराग जैन का नाम भी चर्चा में आता रहा है। अनुराग जैन 1989 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। बात तो वीरा राणा के एक और एक्सटेंशन को लेकर भी कई बार होती रही है। लेकिन प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने अपने पसंदीदा अधिकारी डॉ राजेश राजौरा को मुख्य सचिव बनाना तय कर लिया है और इस बारे में उन्होंने केंद्र में भी सबको विश्वास में ले लिया है। इसलिए यह माना जा रहा है कि डॉक्टर राजेश राजौरा के मुख्य सचिव बनने का रास्ता साफ हो गया है। आज अब कभी भी उनके आदेश जारी हो जाएंगे और वे मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव की कुर्सी पर विराजेंगे।

बता दें कि डॉ राजेश राजौरा की सेवानिवृत्ति तिथि मई 2027 है। अगर बीच में कोई व्यवधान नहीं आया तो वे लगभग पौने तीन साल इस पद पर बने रहेंगे।

इस प्रकार यह कहा जा सकता है कि मध्य प्रदेश के प्रशासनिक दृष्टि से आज का दिन अत्यधिक महत्वपूर्ण है, जब कई नए फैसले दिखाई देंगे।