भाजपा के सदस्यता अभियान में 4 दिन शेष,सवा करोड़ सदस्य बने,सदस्य बनाने में मंत्री विजयवर्गीय टॉप पर

53
40 Star Campaigner For BJP
BJP Leaders not Happy

भाजपा के सदस्यता अभियान में 4 दिन शेष,सवा करोड़ सदस्य बने,सदस्य बनाने में मंत्री विजयवर्गीय टॉप पर

भोपाल: भारतीय जनता पार्टी के डेढ़ करोड़ सदस्य बनाने के सदस्यता अभियान के दूसरे चरण में पांच दिन शेष रह गए है और इस समय एक करोड़ 25 लाख सदस्य बन गए है। प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सदस्य बनाने के मामले में प्रदेश में सबसे अव्वल चल रहे है। सांसदों में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बीडी शर्मा अव्वल है l सोलह अक्टूबर से तीस अक्टूबर के बीच अब सक्रिय सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।

मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को दो करोड़ 24 लाख मत प्राप्त हुए है। इसमें से 75 फीसदी याने डेढ़ करोड़ मतदाताओं को भाजपा का सदस्य बनाए जाने के लिए भरतीय जनता पार्टी ने दो सितंबर से पच्चीस सितंबर के बीच सामान्य सदस्यता अभियान चलाया था। इसमें एक करोड़ से अधिक सदस्य बनाए गए थे। इसके बाद सदस्यता अभियान का दूसरा चरण प्रारंभ हुआ जो पंद्रह अक्टूबर तक चलना है। इसमें पांच दिन शेष रह गए है और अब तक पूरे प्रदेशभर में एक करोड़ 25 लाख सदस्य बनाए जा चुके है। भारतीय जनता पार्टी ने भाजपा विधायक, सांसद, मंत्री, नगरीय निकायों में महापौर, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जिला और जनपद पंचायत अध्यक्ष, पार्षदों को सदस्यता अभियान का टार्गेट दिया था।

मध्यप्रदेश में कुल 64 हजार 871 बूथ है। हर बूथ पर ढाई सौ सदस्य बनाए जाने का लक्ष्य पार्टी ने तय किया था। इस लक्ष्य को सभी को मिलकर पूरा करना था। विधायकों को पंद्रह हजार, सांसदों को पच्चीस हजार, महापौर को दस हजार, नगर पालिका और नगर परिषद अध्यक्ष को पांच हजार, बड़े वार्ड के पार्षद को पांच हजार और छोटे वार्ड के पार्षद को दो हजार सदस्य , जिला पंचायत अध्यक्ष को दस हजार और जनपद पंचायत अध्यक्ष को पांच हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया था।

मध्यप्रदेश में भाजपा विधायक और नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय अपने क्षेत्र में भाजपा के सदस्य बनाने के मामले में सबसे अव्वल चल रहे है। खजुराहो सांसद और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा भी सांसदों में सदस्य बनाने के मामले में सबसे अव्वल चल रहे है।

सोलह अक्टूबर से सक्रिय सदस्यता अभियान-
मध्यप्रदेश में भाजपा का सामान्य सदस्यता अभियान पंद्रह अक्टूबर को पूरा हो जाएगा इसके बाद सोलह अक्टूबर से तीस अक्टूबर के बीच सक्रिय सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। जिन कार्यकर्ताओं ने एक ही विधानसभा क्षेत्र में कम से कम सौ सदस्यों का पंजीकरण कराया है उन्हें सक्रिय सदस्यता दी जाएगी। सक्रिय सदस्य बनने के लिए एक प्राथमिक सदस्य को नमो एप माइक्रो डोनेशन पोर्टल के माध्यम से सौ रुपए के शुल्क का भुगतान करने के बाद मंडल अध्यक्ष के माध्यम से जिला समीक्षा समिति को भरा हुआ आवेदन पत्र और उसके द्वारा नामांकित सदस्यों की सूची निर्धारित प्रारुप में जमा करानी होगी।

जिला सक्रिय सदस्यता समिति का गठन-
जिला सक्रिय सदस्यता समिति का गठन प्रदेश सदस्यता अभियान संयोजक से संवाद कर दस अक्टूबर के पहले किया प्रत्येक मंडल के लिए इस प्रक्रिया से मंडल अध्यक्ष की सहायता के लिए एक वरिष्ठ पदाधिकारी को मंडल सक्रिय सदस्यता सहयोगी के रुप में नियुक्त करना होगा।जिला समीक्षा समिति द्वारा सक्रिय सदस्यता अनुरोध स्वीकार करने के बाद जिला अध्यक्ष एक प्राथमिक सक्रिय सदस्य के रुप में पंजीकृत करेगा। पांच नवंबर को जिला अध्यक्ष को जिला समीक्षा समिति की अनुमति से सक्रिय सदस्यता सूची जिला कार्यालय के नोटिस पर प्रकाशित करना होगा। इसके साथ ही हर जिले को मंडल वार सक्रिय सदस्यता रजिस्टर तैयार करना होगा और उसकी प्रति प्रदेश कार्यालय को भी जमा करना होगा।

जहां नेटवर्क नहीं वहां पर्ची से सदस्यता-
प्रदेश के ग्रामीण अंचल जहां नेटवर्क नहीं है वहां कट्टे से सदस्यता पर्ची के जरिए सदस्य बनाए जा रहे है। बाद में उनका भी डिजिटलाईजेशन कराया जाएगा। वर्तमान में मिस कॉल के जरिए और घर-घर जाकर सदस्य बनाए जा रहे है।