
Visa-Free Entry : भारतीयों के लिए 26 देशों में वीजा-फ्री एंट्री, 58 देशों में ई-वीजा की सुविधा!
New Delhi : भारतीय नागरिकों के लिए विदेश यात्रा करना अब पहले से कहीं अधिक सुविधाजनक हो गया। भारत सरकार लगातार ऐसे देशों की संख्या बढ़ाने के प्रयास कर रही है, जो भारतीय पासपोर्ट धारकों को वीजा-मुक्त प्रवेश या अन्य सुविधाएं प्रदान करते हैं। लोकसभा में दी गई जानकारी के अनुसार, भारतीय नागरिकों को 26 देशों में वीजा-फ्री एंट्री, 40 देशों में वीजा ऑन अराइवल और 58 देशों में ई-वीजा की सुविधा मिल रही है।
विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा कि सरकार उन देशों की संख्या बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, जो भारतीयों को वीजा-फ्री एंट्री, वीजा ऑन अराइवल और ई-वीजा जैसी सुविधाएं प्रदान करें। उन्होंने यह भी कहा कि विभिन्न निजी संस्थान अपने मानदंडों के आधार पर पासपोर्ट रैंकिंग प्रकाशित करते हैं, लेकिन इसके लिए कोई व्यापक रूप से स्वीकृत मानक प्रणाली नहीं है।
हाल ही में जारी हेनले पासपोर्ट इंडेक्स 2025 में भारतीय पासपोर्ट की रैंकिंग पांच पायदान गिरकर 85वें स्थान पर आ गई। वर्ष 2006 में भारत 71वें स्थान पर था, जबकि 2024 में 80वें स्थान पर था। यह गिरावट भारतीय यात्रियों के लिए चिंता का विषय है। क्योंकि, कई अन्य देशों के पासपोर्ट धारकों को अधिक देशों में वीजा-मुक्त यात्रा की सुविधा मिल रही है।
भारतीय पासपोर्ट की मौजूदा स्थिति
26 देशों में भारतीय नागरिकों को वीजा-फ्री एंट्री की सुविधा है। 40 देशों में वीजा ऑन अराइवल सुविधा प्रदान करते हैं। जबकि, 58 देश भारतीय नागरिकों को ई-वीजा की सुविधा दी जाती है। भारतीय पासपोर्ट धारक 57 देशों में वीजा-मुक्त यात्रा कर सकते हैं। जबकि, सिंगापुर पासपोर्ट धारकों को 195 देशों में वीजा-मुक्त प्रवेश मिलता है। यह अंतर भारतीय पासपोर्ट की वैश्विक स्थिति को दर्शाता है। विदेश मंत्रालय समय-समय पर उन देशों की सूची अपडेट करता है, जो भारतीयों को वीजा-मुक्त यात्रा या अन्य सुविधाएं प्रदान करते हैं।





