Unique Demonstration Against Corruption : सिवनी में भ्रष्टाचार के खिलाफ युवक का अनोखा मार्च, शिकायतों का पुलिंदा लटकाया!

614

Unique Demonstration Against Corruption : सिवनी में भ्रष्टाचार के खिलाफ युवक का अनोखा मार्च, शिकायतों का पुलिंदा लटकाया!

प्रशासन पर कार्रवाई न करने का आरोप, नगर परिषद केवलारी में ₹8 करोड़ से अधिक का घोटाला!

Sioni : सिवनी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। प्रदर्शनकारी संजीत सिंह बघेल ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए अपने शरीर पर शिकायतों का पुलिंदा लटकाया और सिवनी बस स्टैंड से कलेक्टर कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतों पर कार्रवाई नहीं कर रहा, जिससे भ्रष्ट अधिकारी बेखौफ होकर घोटालों को अंजाम दे रहे हैं।

नगर परिषद केवलारी में 8 करोड़ से अधिक के संदिग्ध भुगतान को लेकर मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और अन्य अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन तीन महीने बीतने के बाद भी जांच तक शुरू नहीं हुई। इस लापरवाही से भ्रष्टाचारियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। केवलारी और बरघाट विधानसभा में 70 शासकीय विद्यालयों में स्मार्ट क्लास के नाम पर ₹1.57 करोड़ से अधिक का घोटाला सामने आया। आरोप है कि विद्यालय प्राचार्यों और छिंदवाड़ा निवासी आशीष जैन की मिलीभगत से सरकारी राशि का गबन किया गया।

जनपद पंचायत लखनादौन में 1.10 करोड़ से अधिक की राशि का संदिग्ध भुगतान किया गया, जिसमें न्यायालयीन व्यय, राज मिस्त्री प्रशिक्षण और हाई मास्क खरीद में अनियमितताएं पाई गईं। जनपद पंचायत केवलारी में सहायक लेखापाल अधिकारी और मुख्य कार्यपालन अधिकारी की मिलीभगत से ₹1.15 करोड़ से अधिक की राशि का गबन किया गया। निजी खातों में पैसे ट्रांसफर करने और फर्जी बिलों के आधार पर भुगतान करने के आरोप लगे हैं।

कार्रवाई न करने का आरोप

संजीत सिंह बघेल का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आम जनता से भ्रष्टाचार के खिलाफ इस लड़ाई में सहयोग की अपील की है। जिला प्रशासन की चुप्पी से सवाल खड़े हो रहे हैं कि क्या भ्रष्ट अधिकारियों को सरकारी संरक्षण मिल रहा है।