Amrit Bharat Railway Stations: PM मोदी ने MP में दी 6 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों की सौगात 

मुख्यमंत्री डॉ यादव नर्मदा पुरम रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए

488

Amrit Bharat Railway Stations: PM मोदी ने MP में दी 6 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों की सौगात 

 

नर्मदापुरम: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मध्य प्रदेश में 6 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों की सौगात दी। यह स्टेशन है: कटनी साउथ, श्रीधाम, नर्मदा पुरम, शाजापुर, सिवनी और ओरछा.

 

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना के अंतर्गत अमृत स्टेशनों के उद्घाटन में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव नर्मदा पुरम रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।

 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बदले दौर में भारत तेजी से बदल रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 11 साल के कार्यकाल में भारत को दुनिया का अग्रणी देश बनाने के लिए कई संकल्प लिए हैं। उनकी दूरदर्शी सोच की बदौलत भारतीय रेल को नया स्वरूप मिला है। देशभर में नई रेलवे लाइन बिछाई जा रही हैं। आजादी के बाद नैरोगेज से ब्रॉड गैज तक आने में रेलवे को 100 साल लग गए। लेकिन पिछले 11 साल में देशभर में हजारों किलोमीटर लंबे ट्रैक को 3 और 4 लेन रेलवे लाइन बनाया गया है। मध्य प्रदेश सरकार ने बीईएमएल को रेल कोच निर्माण संयंत्र स्थापित करने के लिए जमीन उपलब्ध कराई है, अब मध्य प्रदेश में रेल बनेगी।

IMG 20250522 WA0060 scaled

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देशभर के 1275 रेलवे स्टेशनों को अमृत स्टेशन के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया है। भारतीय रेल का विकास तेज गति से हो रहा है। जम्मू-कश्मीर में विश्व का सबसे ऊंचा रेलवे ब्रिज बना है। विशाल हिमालय तक हमारी रेल लाइन पहुंच चुकी है। अब मुंबई में पानी के अंदर भी ट्रेन चलेगी। वर्तमान में हमारा देश, मेट्रो से लेकर वंदेभारत तक सभी ट्रेनों के कोच स्वयं विकसित कर रहा है। हमारी विकास यात्रा देखकर अमेरिका, ब्रिटेन और जर्मनी जैसे देश हैरान हैं।

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने भारतीय सेना को सशक्त बनाने का संकल्प लिया था। सेना को आधुनिक हथियारों से लैस किया गया। आतंकियों ने पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों पर उनका धर्म पूछकर गोलियां चलाईं। यह एक तरह से भारत में साम्प्रदायिक माहौल बिगाड़ने की साजिश थी, लेकिन आतंकियों के मंसूबे नाकाम हो गए। पाकिस्तान के चीनी हथियार सीमा पर ही मार गिराए गए। आतंकियों के ठिकाने मिट्टी में मिला दिए गए। पूरा भारत एक साथ सैनिकों का मनोबल बढ़ा रहा है। यह नए भारत की ताकत है।

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भविष्य में नर्मदापुरम, बुधनी, इटारसी, सोहागपुर एक महानगर का आकार लेगा। हमारी सरकार ने नर्मदापुरम जिले में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव कराई। यहां सोलर उपकरण निर्माण की यूनिट स्थापित होंगी। राज्य सरकार उद्योग स्थापित करने के साथ विरासत के संरक्षण के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा दे रही है। हम पचमढ़ी को भारत के सर्वश्रेष्ठ पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करेंगे। नर्मदापुरम में उद्योगपति आएंगे तो पर्यटन भी बढ़ेगा। पचमढ़ी में पर्यटकों के लिए सुविधा का विकास किया जा रहा है।

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में 55 लाख हेक्टेयर भूमि पर खेती हो रही है। राज्य सरकार ने किसानों के लिए अनेक सुविधाएं दी हैं। प्रदेश में सिंचाई रकबा बढ़ाने के लिए तीन अलग-अलग नदी परियोजनाओं पर काम चल रहा है। नरसिंहपुर में 26, 27 और 28 मई को कृषि मेला आयोजित किया जा रहा है। यहां किसानों को नवीन कृषि तकनीक और एग्री बेस्ड इंडस्ट्री का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रदेश में अन्य उद्योगों के साथ-साथ कृषि आधारित उद्योगों को विशेष प्रोत्साहन दिया जाएगा, ताकि फसलें बर्बाद न हो और किसानों को उनकी फसलों का उचित दाम मिले। नारी सशक्तिकरण मिशन के अंतर्गत महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। इस क्रम 31 मई को अहिल्या माता की 300वीं जयंती के अवसर पर भोपाल में महिला सशक्तिकरण का विशाल सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इसमें प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी सहभागिता करेंगे।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान के बीकानेर में आयोजित कार्यक्रम से देश के 103 अमृत स्टेशनों का वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नर्मदापुरम रेलवे स्टेशन पर उपस्थित रह कर उद्घाटन समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम के अंतर्गत मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम, कटनी, ओरछा, सिवनी, शाजापुर और श्रीधाम अमृत स्टेशनों का उद्घाटन हुआ। अमृत भारत स्टेशन योजना (एबीएसएस) के तहत भारत के 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 86 जिलों में स्थित 103 अमृत स्टेशनों को 1,100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया गया है। ये सभी स्टेशन अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे। इन स्टेशनों में भारतीय संस्कृति, विरासत और यात्री सुविधाओं का समावेश किया गया है।