
Honouring the Democracy Activist : आपातकाल के 50 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा ने लोकतंत्र रक्षक सेनानियों का अभिनन्दन कर मनाया काला दिवस!
Ratlam : भारतीय जनता पार्टी ने आपातकाल के 50 वर्ष पूर्ण होने पर काला दिवस मनाया। इस मौके पर रंगोल परिसर में संगोष्टी हुई, जिसमें आपातकाल के दौरान जेल में लोकतंत्र रक्षक सैनानियों और उनके परिवार का अभिनन्दन किया गया। आपातकाल के काले अध्याय से जुड़े प्रसंगों की प्रदर्शनी लगाई गई। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर रहें। अध्यक्षता उज्जैन के पूर्व जिलाध्यक्ष नरेन्द्र सांकला ने की। इस दौरान एमएसएमई मंत्री चेतन्य काश्यप, महापौर प्रहलाद पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, कार्यक्रम प्रभारी सुनील सारस्वत मंचासीन रहें। काला दिवस संगोष्ठी की शुरुआत भाजपा के पितृ पुरूषों डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी, पं.दीनदयाल उपाध्याय एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। भाजपा नेत्री सोना शर्मा एवं दिव्या शर्मा ने गीत प्रस्तुत किया। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने स्वागत भाषण दिया।

अतिथियों ने मीसाबंदी लोकतंत्र रक्षक सेनानी पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल मौर्य, बजरंग पुरोहित चंदनमल पिरोदिया, बद्रीलाल चौहान, प्रकाश गुगलिया, परशराम सैनी, शांतिलाल मूणत, अनिल मांदले, राजेन्द्र भरकुंदिया, बसंत पुरोहित, महेन्द्र नाहर, दिनेश सोलंकी, विनय मोघे एवं दुर्गा प्रसाद ऐरन का शाल, श्रीफल से अभिनंदन किया। दिवंगत लोकतंत्र रक्षक सेनानियों के परिवारजनों का भी सम्मान किया गया।
मीसाबंधुओं के संघर्ष और समर्पण को नमन!
एमएसएमई मंत्री चेतन्य काश्यप ने उपस्थितजनों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि 25 जून, 1975 को लगाए गए आपातकाल के दौरान मीसाबंधुओं ने जो संघर्ष किया और समर्पण से देश की सेवा की, उसे हम सभी नमन करते है। कांग्रेस ने देश को आपातकाल की विभिषिका में धकेला था और मीसाबंधुओं ने घर-परिवार छोड़कर जेल में रहकर संघर्ष किया। ऐसे लोकतंत्र रक्षक सैनानी और उनके परिवारों का अभिनन्दन करना हमारे लिए गर्व की बात हैं!





