MP BJP President Election : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए आज नामांकन, हेमंत खंडेलवाल या कोई चौंकाने वाले नाम की संभावना!

708

MP BJP President Election : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए आज नामांकन, हेमंत खंडेलवाल या कोई चौंकाने वाले नाम की संभावना!

‘मीडियावाला’ के स्टेट हेड विक्रम सेन की राजनीतिक रिपोर्ट 

     Bhopal : मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के चुनाव कार्यक्रम के अनुसार आज 1 जुलाई को नामांकन भराएंगे। अगर कोई विशेष बात नहीं हुई, तो हेमंत खंडेलवाल के नाम पर सहमति बनती दिखाई दे रही है। लेकिन, राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जिस प्रकार मुख्यमंत्री के चयन में डॉ मोहन यादव का चौंकाने वाला नाम आया था, कहीं एनवक्त पर वैसा ही नाम अध्यक्ष के लिए भी चौंका न दें। चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान आज भाजपा दफ्तर पहुंचकर चुनाव की औपचारिकताएं पूरी करवाएंगे।

      इस बीच यह चर्चा तेजी से चल रही है कि पूर्व सांसद एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल के नाम पर प्रदेश अध्यक्ष के लिए सहमति बन सकती है। माना जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष निर्विरोध चुने जाने की पूरी तैयारी पार्टी नेताओं की है। प्रधान यहां पर आकर सबसे पहले भाजपा के कुछ वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा करेंगे। जिसमें प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव को लेकर बातचीत होगी। इसके बाद वे चुनाव की प्रक्रिया शुरू करवाएंगे।

     सूत्रों की मानी जाए तो बैतूल के पूर्व सांसद एवं दो बार के विधायक हेमंत खंडेलवाल के नाम पर सभी नेताओं के बीच सहमति बन सकती है। हेमंत खंडेलवाल के पिता विजय कुमार खंडेलवाल बैतूल लोकसभा से तीन बार सांसद रह चुके हैं। हेमंत खंडेलवाल तब से ही RSS और भाजपा से जुड़े हुए हैं। पिता के निधन के बाद हेमंत खंडेलवाल ने बैतूल लोकसभा से उपचुनाव लड़ा था और वे यहां के सांसद बने थे। इसके बाद वे बैतूल विधानसभा से चुनाव लड़ने लगे, वे दूसरी बार के विधायक हैं। खंडेलवाल संघ और संगठन में मजबूत पकड़ रखते हैं।

     वैसे तो आज शाम नामांकन दाखिल होने के बाद तस्वीर थोड़ी बहुत साफ हो सकती है। लेकिन, फिर भी जो नाम चर्चा में है वे हैं वैश्य समाज से हेमंत खंडेलवाल, जिनका नाम सबसे तेजी से चल रहा है। इसके अलावा बैतूल के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उईके, सुमेर सिंह सोलंकी, हिमाद्री सिंह, गजेंद्र सिंह पटेल के नाम शामिल माने जा रहे हैं।

      ब्राह्मणों में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा, अर्चना चिटनीस का नाम भी दौड़ में माना जा रहा है। वहीं क्षत्रीय समाज से बृजेंद्र प्रताप सिंह, अरविंद भदौरिया का नाम चर्चा में है। इनके अलावा भी कुछ नाम इस दौड़ में माने जा रहे हैं। यह भी माना जा रहा है कि कोई चौंकाने वाला नाम भी सामने आ सकता है। करीब एक दर्जन नाम चर्चाओं में बने हुए हैं। मंगलवार की शाम को स्थिति साफ हो जाएगी। यह तय माना जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव में मतदान की स्थिति नहीं आएगी। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी है कि कही वीडी शर्मा को फिर मौका मिल सकता है। जो भी हो, यह देखना दिलचस्प होगा कि इन नामों में कोई नाम आता है या फिर कोई चौंकाने वाला नाम तो नहीं!

19 राज्यों में जरुरी है प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव

     भाजपा के अपने संविधान के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए प्रदेश अध्यक्षों का चुनाव काफी अहम होता है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू करने के लिए आधे से अधिक प्रदेशों के अध्यक्षों का चुनाव जरूरी होता है। राजनीतिक रूप से भाजपा के 36 प्रदेश हैं। इसे देखते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू करने के लिए 19 प्रदेशों में अध्यक्ष का चुनाव होना जरूरी है। प्रदेश अध्यक्षों के साथ ही राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों का भी चुनाव होता है, जो राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में मतदान करते हैं। मध्य प्रदेश के साथ ही कुछ अन्य राज्यों में भी चुनाव की प्रक्रिया की जा रही है। इसके बाद ही राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा।