भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष का 2 दिनी भोपाल दौरा,निगम मंडल और प्रदेश कार्यकारिणी को लेकर वरिष्ठ नेताओं से हुई चर्चा

सत्ता और संगठन से जुड़े कई मुद्दों पर हुआ मंथन

614

भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष का 2 दिनी भोपाल दौरा,निगम मंडल और प्रदेश कार्यकारिणी को लेकर वरिष्ठ नेताओं से हुई चर्चा

भोपाल: भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष के दो दिन भोपाल दौरे के बाद इंदौर होते हुए वापस दिल्ली लौट गए। संतोष की भोपाल यात्रा के दौरान प्रदेश में निगम मंडल, बोर्ड, प्राधिकरण में नियुक्तियां और प्रदेश भाजपा की कार्यकारिणी को लेकर हलचल तेज हो गई।

बीएल संतोष रविवार को ही भोपाल आ गए थे और उनकी संगठन को लेकर प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा से उनके ही निवास पर मुलाकात हुई। सोमवार को उनकी सत्ता और संगठन को लेकर बैठकों का दौर चला। बीएल संतोष का दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है कि भाजपा शासित राजस्थान और छत्तीगसढ़ राज्यों में निगम-मंडल, प्राधिकरणों में नियुक्तियों हो चुकी है। जबकि प्रदेश में अभी इनकी नियुक्तियों होना बाकी है।

निगम-मंडल और प्राधिकरणों में नियुक्तियों के अलावा भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी भी बनना है। इन दोनो अहम विषयों पर उनकी सोमवार को कई नेताओं से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से भी उनकी मुलाकात हुई। माना जा रहा है कि इन बैठकों के दौरान सत्ता के काम काज के साथ ही राजनीतिक नियुक्तियों पर बातचीत हुई।

संघ से जुड़े लोग भी होंगे एडजस्ट
पता चला है कि इन बैठकों में यह चर्चा हुई कि निगम-मंडल में संघ से जुड़े लोगों को भी एडजस्ट किया जाएगा। संघ के कुछ पदाधिकारियों से उनकी मुलाकात हो चुकी है। प्रदेश भाजपा के बड़ी संख्या में नेता इन पदों को पाने का प्रयास कर रहे हैं। कई नेता दिल्ली तक जाकर अपनी बात रख चुके हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बीएल संतोष के साथ पार्टी नेताओं की चर्चा में यह बात सामने आई कि भाजपा और संघ से जुड़े हुए कितने लोगों को इसमें एडजस्ट किया जाएगा।

कुछ जिलों की कार्यकारिणी आज हो सकती है घोषित
भाजपा ने रविवार को हरदा, देवास, मऊगंज और सागर ग्रामीण जिलों की कार्यकारिणी की घोषणा की थी। कुछ और जिलों की कार्यकारिणी की आज शाम को घोषित हो सकती है। कुछ जिलों को छोड़ कर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष, संगठन महामंत्री सहित जिला अध्यक्ष और पर्यवेक्षकों के बीच बैठक हो चुकी है। भाजपा के 60 संगठनात्मक जिलों में से लगभग 52 जिलों की कार्यकारिणी को लेकर चर्चा हो चुकी है। जिनमें से चार जिलों की कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। बाकी के जिलों में से कुछ की आजकल में घोषणा की जाएगी।