
MP में पिछले 5 साल में 65 हजार लोगों को लील गए सड़क हादसे, तमाम दावे, अभियान, प्रयास फिर भी हर दिन हो रही 36 लोगों की मौत
भोपाल : मध्य प्रदेश में सड़क हादसों में अंकुश लगाने के तमाम प्रयास असफल होते दिखाई दे रहे हैं। हालात यह है कि पिछले पांच साल में प्रदेश में हुए सड़क दुर्घटनाओं में 65 हजार लोगों ने अपनी जान गंवाई है। यानी हर दिन 36 लोगों की जान सड़क दुर्घटना में जा रही है। वर्ष 2025 के शुरूआती 6 महीनों में 35 हजार सड़क हादसे हो चुके हैं। पुलिस प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान (पीआरटीआई) द्वारा किए गए अध्ययन में सामने आया कि ग्रामीण क्षेत्रों में हादसों की संख्या शहरी इलाकों की तुलना में कहीं अधिक है। रिपोर्ट में यह भी दर्ज है कि इंदौर ग्रामीण इलाका हादसों और मौतों के मामलों में सबसे ऊपर है, इसके बाद जबलपुर और रीवा का स्थान है। अधिकारियों के अनुसार, वर्ष 2024 में प्रतिदिन औसतन 40 से अधिक लोगों की मौत सड़क हादसों में दर्ज की गई। वहीं वर्ष 2023 में प्रतिदिन 37 मौतें दर्ज की गई थीं।
हादसों और मौतों के आंकड़े
वर्ष 2024 में प्रदेशभर में कुल 56,669 सड़क हादसे दर्ज किए गए, जिनमें 58,202 लोग घायल हुए और 14,791 की मौत हो गई। वर्ष 2023 में 55,327 हादसों में 55,769 लोग घायल हुए और 13,798 लोग मारे गए। वर्ष 2022 में 54,432 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें 55,168 लोग घायल हुए और 13,427 लोगों की जान गई। वर्ष 2021 में 48,877 सड़क हादसे दर्ज हुए, जिनमें 48,956 लोग घायल और 12,057 मारे गए। वर्ष 2020 में 45,266 हादसों में 46,456 लोग घायल और 11,141 की मौत हुई। पांच वर्ष में कुल 2 लाख 60 हजार 571 हादसों में 2,64,551 लोग घायल हुए और 65 हजार 214 लोगों ने अपनी जान गंवाई।
जिलों के आंकड़े
इंदौर ग्रामीण में सबसे अधिक हादसे और मौतें दर्ज हुईं। यहां 7,971 सड़क हादसों में 8,942 लोग घायल हुए और 2,425 की मौत हुई। इंदौर शहर में 3,488 हादसों में 2,606 लोग घायल और 290 की मौत हुई। जबलपुर में 8,603 दुर्घटनाओं में 10,501 लोग घायल हुए और 2,035 की जान गई। उज्जैन में 6,503 हादसों में 6,442 लोग घायल और 1,536 की मौत हुई। ग्वालियर में 4,198 सड़क हादसों में 3,876 लोग घायल और 1,049 मारे गए।
भोपाल में 2,900 हादसों में 2,223 लोग घायल और 235 की मौत हुई। भोपाल ग्रामीण में 3,627 सड़क हादसों में 3,633 लोग घायल हुए और 945 मारे गए।
साल दर साल बढ़ते हादसे
प्रदेश में साल दर साल सड़क हादसों और उनसे होने वाली मौतों के आंकड़े बढ़ते गए। वर्ष 2020 में जहां 11,141 मौतें दर्ज हुई थीं, वहीं 2024 में यह आंकड़ा बढ़कर 14,791 तक पहुंच गया। हादसों और घायलों की संख्या भी साल दर साल बढ़ रही है। सड़क हादसों के आंकड़ों में इस साल के जून तक तेजी से उछाल आया है।





