Weather Update: उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ का हमला , दिल्ली सहित उत्तरी राज्यों में भारी वर्षा, “शक्ति” तूफान अरब सागर में हुआ कमजोर, “मातमो” चीन में दाखिल

974

Weather Update: उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ का हमला , दिल्ली सहित उत्तरी राज्यों में भारी वर्षा, “शक्ति” तूफान अरब सागर में हुआ कमजोर, “मातमो” चीन में दाखिल

दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट 

बड़ी खबर आज उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के हमले की है। भारत के उत्तरी राज्यों में पश्चिम की तेज हवाओं के साथ बादलों ने तूफान का रूप लिया है जिससे जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड भारी बारिश की चपेट में होंगे। लद्दाख, कश्मीर और हिमाचल के पहाड़ी इलाकों में बर्फ गिरेगी। दिल्ली, हरियाणा और उत्तराखंड में भी बारिश होगी। हवाओं का प्रवाह पश्चिम से उत्तर दिशा की और भारत से गुजरते हुए है।

पश्चिमी हवाओं के असर से राजस्थान भी प्रभावित है, साथ ही शक्ति तूफान की हवाओं के साथ भी बादलों का बहाव राजस्थान से दिल्ली की ओर है।

शक्ति तूफान आज पश्चिम से पूर्व की ओर यू टर्न लेते ही बिखर जाएगा। अभी उसकी गति 100 km है जो आज 75 km हो जाएगी। इसकी गोलाकार हवाओं संग बादल राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश पहुंच रहे हैं। जबकि ओमान सहित सऊदी अरब में तेज बारिश का असर रहेगा।

मध्य प्रदेश में भी बादलों का बहाव दो दिशाओं से हो रहा है। पश्चिमी हवाओं का बहाव प्रदेश के ग्वालियर, भिंड, मुरैना, गुना, मंदसौर की ओर है। वहीं उड़ीसा से पूर्वी हवाओं का बहाव मध्य प्रदेश के पूर्वी भाग में है। इसलिए प्रभावित इलाकों में बारिश अचानक हो सकती है। दोपहर बाद पश्चिम भाग में असर होगा।

तूफान मातमो के असर से भारत में उड़ीसा, झारखंड, बंगाल, सहित उत्तर – पूर्वी राज्यों में तेज हवाओं संग बादल बह रहे हैं। उड़ीसा में भारी वर्षा होगी। साथ ही तेलंगाना, आंध्रा, महाराष्ट्र के पूर्वी भाग में भी कई जगह भारी बारिश हो सकती है।

तूफान मातमो अभी 120 km की रफ़्तार से चीन में दाखिल हो चुका है। आज शाम तक 85 km प्रति घंटे की गति में होकर कल इसका बिखराव देर रात को हो जाएगा। इसके असर से चीन में भारी बारिश दक्षिण- पश्चिम भाग में हो रही है। बादलों का फैलाव भारत, म्यांमार, बंगलादेश, लोस, थाईलैंड आदि देशों तक है।

जापान के पास फिर एक चक्रवात पहुंच रहा है। हालोंग नामक यह चक्रवात बुधवार को 230 km की रफ्तार से जापान के दक्षिण भाग से होकर पूर्व की ओर लौट जाएगा। शुक्रवार को इसका बिखराव 140 km की गति से उत्तरी पैसेफिक सागर में होगा। भारत पर इसका कोई असर नहीं होगा।