मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के चुनाव परिणाम 30 अक्टूबर तक आने की उम्मीद, प्रदेश अध्यक्ष का रिजल्ट हो सकता है होल्ड, 3 दावेदारों के दिल्ली में होंगे इंटरव्यू

397

मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के चुनाव परिणाम 30 अक्टूबर तक आने की उम्मीद, प्रदेश अध्यक्ष का रिजल्ट हो सकता है होल्ड, 3 दावेदारों के दिल्ली में होंगे इंटरव्यू

 

भोपाल:  मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनावों की प्रक्रिया अंतिम दौर में पहुंच गई है। प्रदेश महा सचिव, जिला अध्यक्ष, जिला महामंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्ष पदों के परिणाम 30 अक्टूबर तक घोषित किए जाने की संभावना है। हालांकि, प्रदेश अध्यक्ष पद का परिणाम तत्काल घोषित नहीं किया जाएगा और इसे होल्ड पर रखा जा सकता है।

सूत्रों के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष पद पर सबसे अधिक, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाले तीन उम्मीदवारों का दिल्ली में इंटरव्यू होगा। इंटरव्यू के बाद युवा कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा इन तीन में से किसी एक उम्मीदवार को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया जाएगा। इस प्रक्रिया के जरिए न केवल संगठन की कार्यशैली को पारदर्शी बनाने की कोशिश की जा रही है, बल्कि नेतृत्व चयन में मेरिट और संवाद की भूमिका भी सुनिश्चित की जा रही है। सदस्यता के साथ ही प्रदेश से लेकर ब्लॉक स्तर तक 6 पदों के लिए वोट डाले गए थे। जिसमें प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महासचिव, जिला अध्यक्ष, जिला महासचिव, विधानसभा अध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्ष का चुना जाना है। वोट जुलाई में डाले गए थे।

 

*प्रदेश अध्यक्ष पद पर कड़ा मुकाबला*

प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए इस बार मुकाबला काफी दिलचस्प माना जा रहा है। संगठन सूत्रों के अनुसार, तीन प्रमुख उम्मीदवारों के बीच कांटे की टक्कर है। इसमें यश घनघोरिया, अभिषेक परमार और शिवराज यादव मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष के लिए 19 उम्मीदवार मैदान में हैं। लाखों सदस्यों की सदस्यता निरस्त होने और होल्ड पर लाखों सदस्यों को रखे जाने से कई के चुनावी समीकरण बिगड़ गए हैं। युवा कांग्रेस के इन चुनावों से कई जिलों और ब्लॉकों में नए चेहरे सामने आने की उम्मीद है। इस बार संगठन ने सदस्यता प्रक्रिया को डिजिटल माध्यम से जोड़ा, जिससे बड़े पैमाने पर युवाओं ने भागीदारी की।

*सदस्यता आंकड़े बने हुए हैं चर्चा का विषय*

युवा कांग्रेस की सदस्यता प्रक्रिया इस बार सबसे बड़ी चर्चा का विषय बनी रही। कुल 14 लाख 74 हजार 374 सदस्यता आवेदन आए, जिनमें से 5 लाख 16 हजार 155 सदस्यता को रिजेक्ट कर दिया गया है। वहीं 3 लाख 56 हजार 302 सदस्यता फिलहाल होल्ड पर रखी गई हैं। इन होल्ड किए गए सदस्यों का अंतिम निर्णय चुनाव परिणाम आने के साथ ही स्पष्ट होगा कि इनमें से कितने सदस्यों की सदस्यता स्वीकार की गई है। फिलहाल 6 लाख 01 हजार 917 सदस्यता को स्वीकार कर लिया गया है।