अब बिहार में विष्णु-मोहन…

223

अब बिहार में विष्णु-मोहन…

कौशल किशोर चतुर्वेदी

कभी मध्य प्रदेश के राजनैतिक मंचों पर सरकार का चेहरा डॉ. मोहन यादव और संगठन का चेहरा रहे विष्णु दत्त शर्मा मेहनत करते नजर आते थे। अब बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए सरकार बनवाने के लिए संगठनात्मक भूमिका में विष्णु दत्त शर्मा और स्टार प्रचारक के रूप में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी-जान से फिर एक बार एनडीए सरकार बनवाने में जुटे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की स्टार प्रचारक के रूप में बिहार विधानसभा चुनाव में काफी मांग है। वह बिहार विधानसभा में लगातार सक्रिय हैं। हाल ही में 29 अक्टूबर 2025 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आलमपुर से एनडीए प्रत्याशी नरेन्द्र नारायण, नाथनगर से प्रत्याशी मिथुन यादव और कटोरिया से प्रत्याशी पूरन लाल के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। तो 31 अक्टूबर 2025 को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बिहार के पटना की दिघा विधानसभा में पार्टी प्रत्याशी संजीव चौरसिया के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। डॉ. मोहन यादव का कहना है कि समग्र विकास के लिए बिहार में तीसरी बार एनडीए सरकार चाहिए।प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बिहार तेजी से आगे बढ़ रहा है, यहां विकास की अपार संभावनाएं हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की भावना मजबूत हुई है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर के बाद अब बिहार के सीतामढ़ी में माता सीता का भव्य तीर्थ बनेगा। किसान सम्मान निधि सिर्फ पैसा नहीं है, यह किसानों के पसीने का सम्मान है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का बिहार के मतदाताओं को समझा रहे हैं कि चुनाव की दृष्टि से बिहार अलग करवट ले रहा है। दावा कर रहे हैं कि चुनावी माहौल बिहार में एनडीए की जीत की इबारत लिख रहा है। नीतीश सरकार ने 55 सालों का पिछड़ापन दूर किया है। वह कांग्रेस पर परिवारवाद को लेकर निशाना साध रहे हैं। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया में भारत को सम्मान की नजरों से देखने की बात भी कह रहे हैं। भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण पर कांग्रेस की नकारात्मकता की आलोचना कर रहे हैं।बता रहे हैं कि अयोध्या मुद्दे पर कांग्रेस नेता हिंदू-मुस्लिमों को वर्षों तक लड़ाते रहे। किसान सम्मान निधि, लाड़ली बहना सहित मोदी का मूल मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ बिहार के मतदाताओं को याद दिला रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश और बिहार का रिश्ता ऐतिहासिक है। सम्राट अशोक के काल में दो महाजनपद हुआ करते थे, उनमें से एक उज्जैन है। सम्राट अशोक ने 10 वर्षों तक युवराज के रूप में उज्जैन में राजकाज का अनुभव लिया और जब यहां आकर सम्राट बने, तो सुशासन का नया इतिहास लिख दिया, जिसे सारी दुनिया याद करती है। हमारी राष्ट्रीय मुद्रा में अंकित अशोक चिह्न हमें उस दौर की याद दिलाता है। राजा भोज के काल में भी बिहार और मध्यप्रदेश के संबंध रहे हैं। जिन भगवान श्रीकृष्ण ने उज्जैन में शिक्षा ग्रहण की, उन्होंने अपने पुत्र सांब के माध्यम से बिहार में सूर्य मंदिर का निर्माण कराया था।

मध्यप्रदेश के साथ बिहार भी विकास के रास्ते पर आगे बढ़ेगा और आने वाले चुनाव में बिहार की धरती पर एनडीए का विजयी जुलूस निकलेगा।

वहीं पटना जोन की 3 लोकसभा की 19 विधानसभा सीटों के प्रभारी विष्णु दत्त शर्मा हैं। एनडीए की सीट पर मध्यप्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और खजुराहो सांसद वीडी शर्मा ने बूथ मैनेजमेंट के गुर सिखाए। अब चार दिन के लिए केवल बूथ पर माइक्रो मैनेजमेंट प्लान करते हुए पन्ना प्रमुखों को जिम्मेदारी सौपी जा रही है। हर पन्ना प्रमुख 20 घर में करेगा संपर्क और पर्ची वितरण के जरिए घर घर संपर्क किया जाएगा। बूथ के कार्यकर्ता को अपने बूथ पर 10 प्रतिशत वोट बढ़वाने का लक्ष्य दिया गया है। 31 अक्टूबर 2025 को साहेबपुर कमाल सीट पर विष्णुदत्त शर्मा ने बूथ के कार्यकर्ताओं की बैठक ली। साहेबपुर कमाल सीट पर एनडीए समर्थित लोकजन शक्ति पार्टी के उम्मीदवार सुरेंद्र कुमार मैदान में हैं।

तो बिहार विधानसभा चुनाव में डॉक्टर मोहन यादव, विष्णु दत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा सहित प्रदेश सरकार और संगठन के सैकड़ो कार्यकर्ता नेता इन दिनों सक्रिय हैं। भाजपा की यह कार्यकर्ता आधारित रणनीति ही उसे अन्य राजनैतिक दलों से भिन्न बनाती है। फैसला जो भी हो, उसमें देश में श्रेष्ठ संगठनात्मक राज्य मध्यप्रदेश के कार्यकर्ताओं की हिस्सेदारी का आकलन अवश्य होगा…।

 

लेखक के बारे में –

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।

वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश‌ संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।