
प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का व्यापक मूल्यांकन : 17वें कॉमन रिव्यू मिशन के तहत विदिशा और मंदसौर जिलों का भ्रमण
भोपाल। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और प्रभावशीलता का आकलन करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए 17वां कॉमन रिव्यू मिशन (CRM) गठित किया गया है। इस मिशन के तहत देशभर के 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का गहन मूल्यांकन किया जा रहा है। इनमें आंध्र प्रदेश, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, केरल, मध्यप्रदेश, मेघालय, नागालैंड, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, सिक्किम, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल शामिल हैं।

मध्यप्रदेश में 17वें कॉमन रिव्यू मिशन के अंतर्गत 1 से 6 नवंबर 2025 तक विदिशा और मंदसौर जिलों का भ्रमण किया गया। इस दौरान केंद्रीय दल ने जिला अस्पतालों, सिविल अस्पतालों, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, शहरी स्वास्थ्य केंद्रों और समुदाय स्तर पर संचालित स्वास्थ्य सेवाओं की गहन समीक्षा की। दल ने राज्य में स्वास्थ्य अवसंरचना, जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण, स्वास्थ्य मानव संसाधन और आयुष्मान भारत योजनाओं के लाभार्थियों से भी संवाद किया।
भारत सरकार द्वारा नियुक्त कुल 12 सदस्यीय दल ने यह भ्रमण किया, जिसका नेतृत्व स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के निदेशक डॉ. गोविंद बंसल ने किया। दल के सदस्यों ने क्षेत्रीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं का प्रत्यक्ष निरीक्षण कर उपलब्ध संसाधनों, नवाचारों और सुधार की संभावनाओं का विस्तृत मूल्यांकन किया।

भ्रमण उपरांत 7 नवंबर 2025 को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कार्यालय, भोपाल में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में केंद्रीय दल द्वारा चयनित जिलों में किए गए निरीक्षणों से प्राप्त अनुभव, उत्कृष्ट कार्यों, नवीन पहल और सुधार के सुझाव साझा किए गए। बैठक में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के एनएचएम-III के निदेशक सरोज कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मध्यप्रदेश शासन की ओर से प्रमुख सचिव स्वास्थ्य संदीप यादव, मिशन संचालक एनएचएम डॉ. सलोनी सिडाना, अपर मिशन संचालक मनोज सरियाम, संचालक (वित्त) बीरभद्र शर्मा सहित सभी वरिष्ठ संचालक, संयुक्त संचालक एवं उप संचालक उपस्थित रहे। बैठक में राज्य स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को और सशक्त बनाने, सेवा वितरण में नवाचार अपनाने तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं जन-जन तक पहुँचाने के लिए ठोस रणनीतियों पर चर्चा की गई।
इस मिशन का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही को मजबूत करते हुए यह सुनिश्चित करना है कि हर नागरिक को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों।





