महिला कांग्रेस में अजब-गजब निर्णय: पहले बना दी कार्यकारिणी, एक महीने बाद बनाया अध्यक्ष

220

महिला कांग्रेस में अजब-गजब निर्णय: पहले बना दी कार्यकारिणी, एक महीने बाद बनाया अध्यक्ष

भोपाल: महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रीना बोरासी को अपनी कार्यकारिणी बनाने की स्वतंत्रता नहीं रहेगी। दरअसल उन्हें अध्यक्ष बनाए जाने से कुछ दिन पहले ही प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकारिणी बनाई गई है।

इधर इस बात की भी चर्चा है कि महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष को लेकर पत्र राष्ट्रीय महिला कांग्रेस की ओर से जारी होता है,लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। दिल्ली में ऐसी परिस्थिति बनी कि उनकी नियुक्ति का पत्र संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल ने जारी किया।

आमतौर पर कांग्रेस में अध्यक्ष को अपनी टीम यानि कार्यकारिणी बनाने की स्वतंत्रता होती है, लेकिन महिला कांग्रेस में अब इसके उलटा हो रहा है। प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकारिणी 7 अक्टूबर को बनाई गई थी। कार्यकारिणी महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने बनाई थी। इस कार्यकारिणी में नूरी खान को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था, जबकि सुनिता मिश्रा और मनीषा रावत को उपाध्यक्ष बनाया गया था। इनके साथ ही महासचिव भी बनाई गई थी। इस कार्यकारिणी की पहली बैठक भी सात अक्टूबर को भोपाल में हुई थी। इस कार्यकारिणी के लगभग चालीस दिन बाद अचानक विभा पटेल को हटा दिया गया और रीना बोरासी को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। उनकी नियुक्ति भी सीधे संगठन महासचिव ने की।

 *मालवा को मिलते जा रहे अहम पद*

कांग्रेस में मालवा अंचल को लगातार प्रतिनिधित्व करने का मौका दिया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी इंदौर के हैं, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार धार के हैं। वहीं अब रीना बोरासी भी इंदौर की है। तीनों महत्वपूर्ण पद मालवा अंचल के कांग्रेस नेताओं को दिए गए हैं।

ऐसे ही जारी हुआ सेवादल के संयोजक का आदेश

सेवादल में प्रदेश संयोजक की नियुक्ति सेवादल के राष्ट्रीय संयोजक करते हैं। इस बार संयोजक लालजी देसाई के पत्र से मध्य प्रदेश में नियुक्ति नहीं हुई। प्रदेश सेवादल के संयोजक अवनीश भार्गव को बनाया गया है, उनकी भी नियुक्ति लालजी की जगह केसी वेणुगोपाल ने की।