
Ex IAS Sharad Ved-Memory-Remains: इंदौर में 3 साल निगमायुक्त भी रहे,भरोसा नहीं हो रहा अनंत यात्रा पर ऐसे चले जाएंगे!
कीर्ति राणा
इंदौर। परिजनों और उसी बिल्डिंग में रहने वाले अन्य परिवारों के साथ अंडमान-निकोबार घूमने गए शरद वेद की पत्नी और बच्चों को भी अनुमान नहीं था कि लौटते में फ्लाइट में उनकी तबीयत बिगड़ेगी और वो अनंत यात्रा पर चले जाएंगे।
जब शहर में उनके निधन की खबर फैली तो उनके परिचितों-प्रशासकीय अधिकारियों को मौत का यह चैन्नई कनेक्शन समझ नहीं आया क्योंकि वेद परिवार मूल रूप से बड़नगर का है। कुछ वर्षों से वे इंदौर में ही रह रहे थे।
इंदौर नगर निगम में उस दौरान एसएस उप्पल प्रशासक और शरद वेद निगमायुक्त थे। दोनों में आपसी समझ का ही परिणाम रहा कि दोनों उप्पल-वेद की जोड़ी के रूप में पहचाने जाते थे। आज जब उप्पल जी से चर्चा हुई तो वे उन दिनों की याद कर के भावुक हो गए। कोराना काल को भी याद किया जब शरद वेद के परिवार के 6 सदस्यों पर कोराना की काली छाया पड़ गई थी। बड़नगर से इंदौर शिफ्ट होने का यह भी एक कारण रहा।
उनके पुत्र अमित से फोन पर चर्चा की तो उन्होंने बताया पापा-मम्मी और उसी बिल्डिंग में रहने वाले अन्य परिवारों के साथ अंडमान निकोबार की यात्रा पर गए थे। लौटते में फ्लाइट में ही उनकी तबीयत बिगड़ी, पसीना-पसीना हो गए। फ्लाइट में ही सवार एक डॉक्टर ने उनका परीक्षण किया और बताया कि सीवियर अटैक आया है।

चैन्नई के अस्पताल में भर्ती 2 नवंबर को भर्ती किया 3 को उनकी एंजोप्लास्टी सर्जरी हुई, तबीयत में निरंतर सुधार था लेकिन किडनी में प्राब्लम सहित अन्य परेशानी के कारण उन्हें वेंटीलेटर पर रखना पड़ा और 20 नवंबर को उनका निधन हो गया। वेद के बड़े पुत्र अमित स्वीडन स्टाकहोम में रहते हैं, छोटी बेटी दामाद प्रीति- विक्रांत दिल्ली में रहती हैं। इन सहित अन्य रिश्तेदार भी चैन्नई पहुंच गए थे।

चैन्नई से इंदौर आने वाली इंडिगो की एकमात्र फ्लाइट फुल थी।अंतत: चैन्नई के विद्युतशवदाह गृह में ही अंतिम संस्कार किया गया।
राष्ट्रीय कवि प्रदीप की जन्मभूमि नौलाई बड़नगर में 30 अक्टूबर 1955 को जन्मे शरद वेद ने वाणिज्य संकाय में स्नातक और स्नातकोत्तर दोनों में मेरिट स्थान प्राप्त करके बहुत कम उम्र में लोक सेवा आयोग की परीक्षा उत्तीर्ण की, और इस प्रकार उनकी लंबी और गौरवशाली प्रशासनिक यात्रा शुरू हुई। वे नगर निगम आयुक्त (ग्वालियर और इंदौर)के साथ ही
दो जिलों सरगुजा और दमोह में कलेक्टर, रीवा और सागर में संभागायुक्त रहे। 31 जुलाई 2014 को प्रदेश के आबकारी आयुक्त के रूप में प्रमुख सचिव के प्रतिष्ठित पद से सेवानिवृत्त हुए थे।
* उठावना एवं शोक निवारण कल
स्व शरद वेद (आईएएस) (सुपुत्र: स्व. मोहनलाल वेद, बड़नगर) का उठावना रविवार 23 नवंबर को प्रातः 10 बजे पगड़ी एवं तेरहवें का उठावना प्रातः 10:30 बजे स्थान: ग्रेटर बाबा परिसर, नवग्रह जिनालय, एयरपोर्ट रोड, इंदौर पर होगा।
शोक बैठक प्रतिदिन शाम से 9 बजे तक निज निवास पुष्परत्न प्राइड, पलासिया, इंदौर पर रहेगी
शोकाकुल: पत्नी छाया वेद, पुत्र अमित-मेघा वेद, पुत्री विक्रांत-प्रीति सिंघी (दिल्ली) एवं समस्त वेद परिवार, बड़नगर।
Ex IAS Sharad Ved is NO More: पूर्व आईएएस अधिकारी शरद वेद का चेन्नई में निधन





