पीसीसी चीफ के रूप में पटवारी ने किए 2 साल पूरे, 730 दिन में भी कांग्रेस का संगठनात्मक ढांचा है अधूरा

73
Jitu patwari

पीसीसी चीफ के रूप में पटवारी ने किए 2 साल पूरे, 730 दिन में भी कांग्रेस का संगठनात्मक ढांचा है अधूरा

भोपाल: प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के रूप में जीतेंद्र जीतू पटवारी के कार्यकाल को दो वर्ष पूरे हो चुके हैं, लेकिन संगठन के सबसे महत्वपूर्ण आधार माने जाने वाले ब्लॉक स्तर पर अब तक अध्यक्षों की नियुक्ति नहीं हो सकी है। ग्रास रूट यानी ब्लॉक लेवल को कांग्रेस संगठन की रीढ़ माना जाता है, लेकिन प्रदेशभर में ब्लॉक अध्यक्ष असमंजस की स्थिति में हैं कि वे पद पर बने रहेंगे या हटाए जाएंगे। यही स्थिति ब्लॉक स्तरीय कमेटियों की भी बनी हुई है।

*एसआईआर पर पड़ा असर*

ब्लॉक स्तर पर अनिश्चितता का सीधा असर पार्टी के कामकाज पर पड़ रहा है। खासकर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) जैसे संगठनात्मक और चुनावी महत्व के कार्यो में समन्वय की कमी देखी जा रही है। इसमें वर्तमान ब्लॉक अध्यक्ष और उनकी टीम की भूमिका अहम मानी जा रही है, लेकिन असमंजस के बीच वे अपना आउटपुट सौ प्रतिशत नहीं दे पा रहे हैं। पिछले दो महीनों से कांग्रेस में ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के बीच में विचार ही चल रहा है,लेकिन यह विचार नियुक्तियों में नहीं बदल सका।

6 महीने से कई नेताओं के पास दो पद

इधर, संगठन सृजन अभियान के तहत कई प्रदेश पदाधिकारियों को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। ऐसे नेता पिछले छह महीनों से दोहरी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। कांग्रेस में परंपरागत रूप से एक व्यक्ति, एक पद का फामूर्ला लागू माना जाता रहा है, लेकिन मौजूदा हालात में यह फामूर्ला व्यवहार में लागू होता नहीं दिख रहा। जो नेता प्रदेश पदाधिकारी के साथ ही जिलाध्यक्ष बनाए गए हैं, वे इतने ताकतवर है कि उन्हें प्रदेश पदाधिकारी के पद से हटाने पर निर्णय नहीं हो पा रहा है।

 

*नेता प्रतिपक्ष ने दी बधाई*

संगठनात्मक ढांचे को लेकर उठ रहे सवालों के बीच नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के दो वर्ष पूरे होने पर उन्हें सार्वजनिक रूप से बधाई दी है। उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया पर लिखा कि मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में दो वर्ष पूर्ण होने पर वे जीतू पटवारी को शुभकामनाएं देते हैं। उन्होंने कहा कि संगठन तभी सशक्त बनता है, जब उसका नेतृत्व दूरदृष्टि और अनुशासन से प्रेरित हो। उमंग सिंघार ने अपने संदेश में राष्ट्रीय नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और जननायक राहुल गांधी जिस संयम और अनुभव के साथ कांग्रेस परिवार को दिशा दे रहे हैं, वही भावना जीतू पटवारी ने मध्यप्रदेश में निभाई है। प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पटवारी का प्रयास केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह जनविश्वास को पुन: स्थापित करने की एक यात्रा है।