
दूषित जल आपूर्ति कांड: IAS क्षितिज सिंघल ने आधी रात इंदौर नगर निगम के आयुक्त का कार्यभार ग्रहण किया, संभाला मोर्चा
इंदौर: भारतीय प्रशासनिक सेवा में 2014 बैच के अधिकारी क्षितिज सिंघल देर रात इंदौर नगर निगम के आयुक्त का कार्यभार ग्रहण किया।
इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित जल आपूर्ति से हुई मौतों और गंभीर स्वास्थ्य संकट के बाद राज्य सरकार ने कड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। इंदौर नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव को पद से हटाते हुए आईएएस अधिकारी क्षितिज सिंघल को नया निगम आयुक्त नियुक्त किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के बाद क्षितिज सिंघल शनिवार रात लगभग 11.45 बजे इंदौर पहुंचे। उन्होंने खजराना गणपति मंदिर के दर्शन कर नगर निगम मुख्यालय जाकर पदभार संभाल लिया। वे इससे पहले मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक के रूप में कार्यरत थे।
नए निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने पदभार संभालते ही जल प्रदाय व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि लापरवाही या तकनीकी खामी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि शहरवासियों के स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए स्थायी समाधान लागू किए जाएंगे।
*• भागीरथपुरा में पूरी प्रशासनिक ताकत मैदान में*
दूषित पानी के स्रोत और पाइपलाइन लीकेज की पहचान के लिए नगर निगम ने व्यापक अभियान शुरू किया है। निरीक्षण और निगरानी की जिम्मेदारी हाल ही में पदस्थ तीन नए अपर आयुक्तों को सौंपी गई है। भागीरथपुरा क्षेत्र की 32 गलियों में 32 उपयंत्री और सहायक यंत्री बीट के अनुसार तैनात किए गए हैं, जो लगातार सैंपलिंग, पाइपलाइन जांच और लीकेज खोजने का कार्य कर रहे हैं।
*• सैंपलिंग, लीकेज और सीवेज मिक्सिंग पर फोकस*
प्रशासन का प्राथमिक लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी स्थिति में सीवेज का पानी पेयजल लाइन में न मिले। इसके लिए जल आपूर्ति नेटवर्क की बारीकी से जांच की जा रही है। संदिग्ध पाइपलाइन हिस्सों को चिन्हित कर तत्काल मरम्मत और बदलाव के निर्देश दिए गए हैं।
*• नागरिकों के लिए अस्थायी राहत व्यवस्था*
प्रभावित इलाकों में टैंकरों के माध्यम से सुरक्षित पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर सर्वे कर रही हैं और लोगों को उबला हुआ पानी पीने की सलाह दी जा रही है। अस्पतालों में अतिरिक्त बेड, दवाइयों और चिकित्सकीय स्टाफ की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।





