संकल्प से समाधान अभियान में प्रशासन सख्त : नवापाड़ा कस्बा में कलेक्टर ने पकड़ी ढिलाई, लंबित प्रमाण पत्रों पर जताई नाराजगी

47

संकल्प से समाधान अभियान में प्रशासन सख्त : नवापाड़ा कस्बा में कलेक्टर ने पकड़ी ढिलाई, लंबित प्रमाण पत्रों पर जताई नाराजगी

🔸राजेंद्र शर्मा

THANDLA [Jhabua] : जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से चल रहे संकल्प से समाधान अभियान के तहत प्रशासन अब जमीनी स्तर पर सख्ती के मूड में नजर आ रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर नेहा मीना ने विकासखंड थांदला की ग्राम पंचायत नवापाड़ा कस्बा का निरीक्षण कर न सिर्फ अभियान की प्रगति की समीक्षा की, बल्कि लापरवाही पाए जाने पर अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश भी दिया कि अब किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

🔸पंचायत स्तर पर आवेदनों की समीक्षा, 28 आवेदन मिले
निरीक्षण के दौरान पंचायत स्तर पर गठित दल द्वारा संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की विस्तृत समीक्षा की गई। पंचायत सचिव ने जानकारी दी कि अभियान के अंतर्गत कुल 28 आवेदन प्राप्त हुए हैं। कलेक्टर ने सभी आवेदनों की स्थिति, निराकरण की प्रक्रिया और समयसीमा की बारीकी से जानकारी ली।
🔸एक साल से लंबित मृत्यु प्रमाण पत्र पर कलेक्टर नाराज
समीक्षा के दौरान एक गंभीर लापरवाही सामने आई, जब एक वर्ष पूर्व हुई मृत्यु का प्रमाण पत्र अब तक लंबित पाया गया। इस पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत स्तर पर जन्म एवं मृत्यु का संकलन कार्य पूरी तरह व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से किया जाए। नागरिकों को अनावश्यक चक्कर न लगाना पड़े, इसके लिए प्रमाण पत्र समय पर जारी करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इस दौरान जन्म मृत्यु पंजी का भी अवलोकन किया गया।
🔸एग्रीस्टैक फार्मर रजिस्ट्री में सुस्ती, केवल 20 प्रतिशत कार्य पूर्ण
निरीक्षण में यह भी सामने आया कि नवापाड़ा कस्बा ग्राम पंचायत में एग्रीस्टैक फार्मर रजिस्ट्री के अंतर्गत अब तक मात्र 20 प्रतिशत कार्य ही पूरा हो पाया है। कलेक्टर ने इस धीमी प्रगति पर असंतोष जताते हुए निर्देश दिए कि शेष सभी कृषकों का शीघ्र पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि एग्रीस्टैक के माध्यम से ही किसानों को ई-विकास प्रणाली, खाद वितरण और अन्य शासकीय सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा, इसलिए इसमें किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है।
🔸घर-घर जाकर आवेदन लेने के निर्देश, 106 सेवाओं पर जोर
कलेक्टर ने दल प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अभियान के तहत घर-घर जाकर आवेदन प्राप्त करने की कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत उपलब्ध 106 सेवाओं और योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए केवल कार्यालयों तक सीमित न रहकर फील्ड में सक्रियता दिखाना जरूरी है।
🔸दल प्रभारियों का ओरिएंटेशन और सेवा सूची चस्पा करने के निर्देश
कलेक्टर ने जनपद पंचायत सीईओ को निर्देश दिए कि सभी दल प्रभारियों का विधिवत ओरिएंटेशन कराया जाए, ताकि वे अभियान की भावना और प्रक्रियाओं को सही तरीके से समझ सकें। साथ ही अभियान के अंतर्गत दी जाने वाली सभी सेवाओं की सूची प्रत्येक ग्राम पंचायत में स्पष्ट रूप से चस्पा करने के निर्देश दिए गए, ताकि ग्रामीणों को योजनाओं की पूरी जानकारी मिल सके।
🔸छात्रा शिवानी ने कलेक्टर से साझा किया प्रशासनिक सेवा का सपना
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों और विद्यार्थियों से भी संवाद किया। इसी दौरान छात्रा शिवानी ने कलेक्टर से बातचीत में प्रशासनिक सेवा में जाने का अपना सपना साझा किया। कलेक्टर ने शिवानी को प्रेरित करते हुए कहा कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति स्पष्ट सोच से कोई भी सपना पूरा किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने की भी सलाह दी।
🔸 अधिकारियों की मौजूदगी
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेन्द्रसिंह चौहान, सहायक कलेक्टर आशीष कुमार, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व थांदला महेश मंडलोई सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मौके पर ही आवश्यक निर्देशों के पालन की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही।