सेंधवा के तत्कालीन SDM को महिला कर्मचारी के यौन उत्पीड़न में 10 साल की कठोर सजा

320

सेंधवा के तत्कालीन SDM को महिला कर्मचारी के यौन उत्पीड़न में 10 साल की कठोर सजा

बड़वानी: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले की एक अदालत ने शनिवार को सेंधवा के तत्कालीन सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट (SDM) को एक अधीनस्थ महिला कर्मचारी के यौन शोषण के मामले में 10 साल की कठोर कैद की सजा सुनाई है।

तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश, रेखा आर चंद्रवंशी ने शनिवार को अपने 48 पेज के आदेश में डॉ. अभय सिंह खरारी को आईपीसी की धारा 376(2)(C) तहत दोषी ठहराया और 10 साल की कठोर कैद की सजा सुनाई है। इसके अलावा उन्हें IPC की धारा 323 के तहत भी एक साल की कैद की सजा सुनाई गई है।

अभियोजन के अनुसार, 22 अप्रैल, 2016 को, सेंधवा (बड़वानी ज़िला) में एसडीएम के पद पर एक पब्लिक सर्वेंट होने के नाते, आरोपी ने अपने ऑफिशियल पद और अथॉरिटी का गलत इस्तेमाल करके अपनी अधीनस्थ महिला कर्मचारी का यौन शोषण किया। यह भी पाया गया कि 2023 में उसने पीड़िता के घर पर उसके साथ मारपीट की।

29 अप्रैल, 2024 को दर्ज FIR के अनुसार, पीड़िता डॉ. खरारी के अंडर काम कर रही थी। इसी बीच दोनों के संबंधों की भनक लगने पर डॉ खरारी की पत्नी ने पीड़िता के खिलाफ बड़वानी जिले के ठीकरी थाना क्षेत्र में केस दर्ज कराया।

इसके बाद, डॉ. खरारी की पत्नी ने पीड़िता, उसके दो भाइयों और खुद डॉ. खरारी के खिलाफ एक अन्य केस दर्ज कराया। डॉ. खरारी ने कथित तौर पर पीड़िता को भरोसा दिलाया कि वह दोनों केस का खात्मा करवा देगा।

FIR में, पीड़िता ने कहा कि केस खारिज करवाने के बहाने डॉ. खरारी ने कई बार उसका यौन शोषण किया। आरोपों में आगे कहा गया कि डॉ खरारी ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला कर उसे बेहोश किया उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें लेकर उसके परिवार को बताने की धमकी दी। उसने कथित तौर पर उसके चेहरे पर एसिड फेंकने की भी धमकी दी और कुछ मौकों पर उसके शादी के आने वाले प्रस्तावों को तोड़ दिया। केस दर्ज होने के बाद खरारी को सस्पेंड कर दिया गया था।

कोर्ट के निर्देशों के बाद, डॉ. अभय सिंह खरारी को सेंट्रल जेल, बड़वानी भेज दिया गया है।