गुजरातमय मध्यप्रदेश…

41

गुजरातमय मध्यप्रदेश…

कौशल किशोर चतुर्वेदी
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की दो दिवसीय गुजरात यात्रा के बाद ऐसा लग रहा है कि मध्य प्रदेश पूरी तरह से गुजरातमय नजर आने वाला है। रण उत्सव की तर्ज पर सिंहस्थ 2028 में उज्जैन में टेंट सिटी विकसित होगी। तो महात्मा गांधी और सरदार पटेल से लेकर नरेंद्र मोदी और अमित शाह तक गुजरात की राष्ट्र निर्माण की परंपरा पथ पर चलकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी एक समृद्ध मध्य प्रदेश परंपरा का निर्माण करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कच्छ का रण उत्सव भारत की सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन क्षमता का वैश्विक प्रतीक बना है तो मध्यप्रदेश में भी मोदी के नेतृत्व में मोहन सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन क्षमता का वैश्विक कीर्तिमान बनाने का मन बना चुके हैं। मोहन यादव की दो दिवसीय गुजरात यात्रा उनके ऐसे ही मंतव्य प्रकट कर रही है। वैसे भी अगर देखा जाए तो मोदी-शाह के भरोसे पर मुख्यमंत्री बने मोहन यादव पहले दिन से ही गुजरातमय नजर आ रहे हैं और यह स्वाभाविक भी है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रारंभ हुआ गुजरात में रण ऑफ कच्छ का ‘रण उत्सव’ आज भारत की सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन क्षमता का वैश्विक प्रतीक बन चुका है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भव्य ‘रण उत्सव’ में सहभागिता कर विश्व स्तरीय टेंट सिटी की व्यवस्थाओं का अवलोकन करने के बाद कहा कि जहां कभी बंजर भूमि थी, वहां आज किसानों की सहभागिता से पर्यटन, आजीविका और विकास का मॉडल खड़ा हुआ है, जिसे दुनिया देख रही है। लोक कलाकारों की जीवंत प्रस्तुतियां और गुजरात की समृद्ध संस्कृति, इस उत्सव को विशिष्ट पहचान देती हैं। यह प्रेरक उदाहरण है। उज्जैन में वर्ष-2028 में आयोजित होने वाले ‘सिंहस्थ’ में ‘रण उत्सव’ की तर्ज पर टेंट सिटी विकसित की जाएगी। साथ ही, मध्यप्रदेश में जहां पर्यटकों की संख्या अधिक है, वहां भी टेंट सिटी की योजना पर कार्य किया जाएगा। इससे स्थानीय स्तर पर लोगों को रोजगार मिलेगा और किसान भी लाभान्वित होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भुज में स्थित ‘स्मृति वन’, जो भूकंप पीड़ितों की स्मृतियों को सहेजता है, वह संवेदना और संकल्प का प्रतीक है। इसी भावना के साथ भोपाल में भी यूनियन कार्बाइड त्रासदी के पीड़ितों की स्मृति में एक समर्पित संग्रहालय विकसित करने की भी योजना है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का विजन ही नए भारत की सशक्त पहचान है।
तो वडोदरा में महंत स्वामी महाराज के 92वें जन्मजयंती महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि गुजरात की धरती भारत सहित अनेक राष्ट्रों में धर्म, आध्यात्म, सनातनी परम्परा, मानव कल्याण और सेवा मूल्यों को चेतना से जोड़ने का कार्य कर रही है। इस धरा से कभी महात्मा गांधी और सरदार पटेल जैसी विभूतियों ने राष्ट्र को योगदान दिया, वहीं अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस परम्परा को आगे बढ़ा रहे हैं। आज सऊदी अरब सहित अबूधाबी और अमेरिका में स्वामी नारायण अक्षर धाम के पारम्परिक हिन्दू मंदिर और विश्व के अनेक देशों में 600 से अधिक मंदिरों का निर्माण उल्लेखनीय है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वडोदरा एक नगर नहीं बल्कि उस सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है जहां भक्ति के साथ सेवा की सुदीर्घ परम्परा है। इस धरती से गुरू के उस संदेश का प्रसार हो रहा है, जो भगवान स्वामी नारायण से लेकर पूज्य महंत स्वामीजी के जीवन में अभिव्यक्त होता है।
वैसे भी यदि देखा जाए तो 2014 में केंद्र में एनडीए सरकार बनने के बाद पूरे देश में मोदी और गुजरात युग का असर साफ देखने को मिल रहा है। और यह बात भी सच है कि बीसवीं सदी में महात्मा गांधी और सरदार पटेल के रूप में गुजरात ने राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी तो इक्कीसवीं सदी में मोदी-शाह की राष्ट्र निर्माण में भूमिका का आकलन अलग-अलग नजरिए से अवश्य किया जाएगा। और भारतीय जनता पार्टी को दुनिया का सबसे बड़ा राजनैतिक दल बनाने का श्रेय भी इस जोड़ी को हमेशा मिलता रहेगा। तो इसमें कोई अचरज की बात नहीं है कि मोदी-शाह युग में महाकाल की नगरी से मध्य प्रदेश के मुखिया बने डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राष्ट्र के साथ-साथ मध्य प्रदेश भी पूरी तरह से गुजरातमय है…।
लेखक के बारे में –
कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।
वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश‌ संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।