90 लाख के गहने चुराकर कूड़े में छुपा दिए, नाबालिग मास्टरमाइंड समेत 3 गिरफ्तार

122

90 लाख के गहने चुराकर कूड़े में छुपा दिए, नाबालिग मास्टरमाइंड समेत 3 गिरफ्तार

खरगोन: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के बड़वाह में सूने घरों और दुकानों को निशाना बनाकर लाखों की चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। हैरान करने वाली बात यह रही कि करीब 90 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और नकदी चोरों ने चोरी के बाद कूड़े के ढेर में छुपा दिए थे। इस हाई-प्रोफाइल चोरी का मास्टरमाइंड एक 16 वर्षीय नाबालिग निकला, जिसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर वारदातों को अंजाम दिया।

पुलिस अधीक्षक ने पत्रकार वार्ता में बताया कि बड़वाह थाना क्षेत्र में जनवरी के अंतिम सप्ताह में एक सूने मकान से बड़ी चोरी और इसके बाद बिल्डिंग मटेरियल की दुकान से नकदी चोरी की घटनायें हुई थीं। पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने लगातार 48 घंटे तक दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगाले, संदिग्धों की गतिविधियों को ट्रेस किया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

 

जांच के दौरान सीसीटीवी में दिख रहे एक संदिग्ध का हुलिया गोदी पट्टी क्षेत्र के एक नाबालिग से मेल खाता पाया गया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों हर्ष प्रजापति (22) और दिव्यांश प्रजापति (19) के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 300 ग्राम सोने के बार, करीब 370 ग्राम सोने के आभूषण, चांदी के पांच बार (पांच किलो), नकदी 28,550 रुपये और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार नाबालिग और एक आरोपी पर पहले से चोरी और मारपीट के मामले दर्ज हैं। आरोपियों ने पूछताछ में कबूला कि चोरी के बाद पकड़े जाने के डर से उन्होंने कीमती गहनों को कूड़े के ढेर में छुपा दिया था।

 

बड़वाह की एसडीओपी अर्चना रावत ने बताया कि दरअसल शर्मा और उनकी बहन इवेंट मैनेजमेंट में काम करते हैं और उनके अन्य रिश्तेदार दिल्ली में मेडिकल फील्ड से संबंधित है। वह उनकी मां (रिटायर्ड अधिकारी भारतीय स्वास्थ्य मंत्रालय) की तबीयत खराब रहने के चलते बड़वाह में शिफ्ट होने की तैयारी कर रहे थे, और इसलिए इन जेवरों को लॉकर में नहीं रख पाए थे।

उन्होंने बताया कि 16 वर्षीय मास्टरमाइंड आरोपी रेकी कर सारी इनफॉरमेशन इकट्ठी करता था। दोनों घटनाओं में उसी की प्लानिंग के मुताबिक चोरी की गई थी।