
ग्वालियर-चंबल में नहीं होगा आरक्षक भर्ती के परीक्षा सेंटर, PHQ की रिपोर्ट के बाद हुआ निर्णय
भोपाल: पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा अब ग्वालियर और चंबल के जिलों में आयोजित नहीं होगी। यह निर्णय इसलिए लेना पड़ा क्योंकि यहां पर आरक्षक भर्ती परीक्षा में भारी गड़बड़ी हमेशा ही सामने आती रही है। इस वर्ष भी पुलिस आरक्षक की भर्ती होना है। ऐसे में इन दोनों संभागों में परीक्षा सेंटर नहीं बनाए जाएंगे। हालांकि अभी परीक्षा के लिए अनुमानित तारीक अक्टूबर महीने की मानी गई है।
सूत्रों की मानी जाए तो इस वर्ष भी कर्मचारी चयन मंडल को इस वर्ष साढ़े सात हजार पुलिस आरक्षकों की भर्ती के लिए परीक्षा आयोजित कर सकता है। आशंका है कि इस बार भी ग्वालियर-चंबल अंचल में परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी हो सकती है। इस पर यह निर्णय लिया गया जाएगा कि इन दोनों संभागों के जिलों में परीक्षा सेंटर नहीं बनाया जाएगा। यहां से आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को आसपास के संभाग में परीक्षा का सेंटर आवंटित किया जाएगा।
दरअसल पुलिस भर्ती के लिए बोर्ड का गठन होना है, लेकिन आने वाले कुछ महीनों में बोर्ड का गठन नहीं हुआ तो इस वर्ष की परीक्षा भी कर्मचारी चयन मंडल से करवाई जा सकती है। संभवता यह आखिरी बार इस बोर्ड से भर्ती की प्रक्रिया होगी। इसके बाद प्रदेश में पुलिस भर्ती बोर्ड का गठन हो सकता है। इस वर्ष होने वाली परीक्षा में कोई गड़बड़ी न हो, इसे लेकर पुलिस और चयन भर्ती बोर्ड दोनों ने ही खुफिया तंत्र को सक्रिय किया था। इसके बाद यह निर्णय हुआ कि परीक्षा ग्वालियर और चंबल संभाग के जिलों में न करवाई जाएं। यहां पर वर्ष 2023 में हुई परीक्षाओं में भी भारी गड़बड़ी सामने आई थी।
इससे पहले व्यापमं द्वारा आयोजित पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षाओं में भी इस क्षेत्र में सबसे ज्यादा गड़बडी सामने आई थी। परीक्षा में चयन करवाने के लिए यहां पर गिरोह की तरह यहां पर काम किया जा रहा था। सीबीआई और एसटीएफ सहित ग्वालियर पुलिस में इस तरह के कई प्रकरण दर्ज किए थे। इसके बाद भी हालात यहां पर नहीं सुधरे थे। इसके चलते ही पुलिस के लिए अलग से भर्ती बोर्ड बनाने का निर्णय लिया गया था।





