खरगोन में ऑल इंडिया मुशायरे में बवाल: मंच पर हंगामा, शायर पर हमला, अंडे फेंके

जानिए किस शेर पर मचा बवाल

249

खरगोन में ऑल इंडिया मुशायरे में बवाल: मंच पर हंगामा, शायर पर हमला, अंडे फेंके

खरगोन : मध्य प्रदेश के खरगोन शहर के जमजम मार्केट क्षेत्र में आयोजित ऑल इंडिया मुशायरा उस समय अफरा-तफरी में बदल गया, जब एक शायर की प्रस्तुति के दौरान विवाद खड़ा हो गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया। बिहार के शायर पर अंडा भी फेंका गया। मंच पर हंगामा मच गया, जिसके बाद कार्यक्रम को बीच में ही रोकना पड़ा। इन घटनाओं के वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं, और पुलिस कार्रवाई की तैयारी में है।

खरगोन कोतवाली प्रभारी बीएल मंडलोई ने बताया कि पर शायरी पेश कर रहे खरगोन के अबूबकर ज़िया की रचना पर कुछ श्रोताओं ने आपत्ति जताई। देखते ही देखते कुछ लोग मंच पर चढ़ आए और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज और मारपीट की घटना भी हुई। पीड़ित शायर ने कोतवाली थाने में शिकायत देकर जानलेवा हमला, लूट और अभद्रता के आरोप लगाए हैं।

उन्होंने बताया कि दूसरे पक्ष ने भी अबू बकर पर भड़काऊ शायरी का आरोप लगाया और कार्रवाई की मांग को लेकर शिकायत की है। उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा ने गुरुवार को दोनों पक्षों को बुलाया है और समझाइश से मामला नहीं समाप्त होने पर विधि पूर्वक कार्रवाई की जाएगी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंचासीन शायर अबूबकर ज़िया ने अपनी प्रस्तुति के दौरान एक शेर पढ़ा—

 

“मस्जिद के सदर ने तो यूं सिक्का जमा लिया,

माल-ए-हराम पाकर बड़ा घर बना लिया…

दिन-रात अपनी क्यों न करे वो शिकायतें,

मुखबिर को हमने कौम का रहबर बना लिया।”

IMG 20260212 WA0033

बताया जा रहा है कि इस शेर को सुनते ही कार्यक्रम स्थल पर मौजूद कुछ लोग आक्रोशित हो गए। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और कुछ लोग मंच की ओर बढ़ने लगे। आरोप है कि हंगामे के दौरानy मंच पर धक्का-मुक्की हुई और शायर के साथ मारपीट की कोशिश की गई। स्थिति बिगड़ते देख आयोजकों और मौजूद जनप्रतिनिधियों ने हस्तक्षेप कर शायर को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला।

अबू बकर ने नकदी, प्रेस कार्ड, सम्मान स्वरूप मिली पेन और हाथ घड़ी छीने जाने , दाढ़ी खींचने और अपमानजनक टिप्पणियां करने का भी आरोप लगाया गया है। मौके पर मौजूद जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों और आयोजकों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला और संबंधित व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला।

इसी बीच एक शायर ने अपनी रचना पढ़ी- “ऐसे नेताओं के हाथ में तिरंगा मत दो, जिनके चेहरे पर सदा बारह बजे रहते हैं”

IMG 20260212 WA0032

इसी दौरान कार्यक्रम में बिहार से आए एक कवि अपूर्व गौरव विक्रम शाह की ओर अंडा फेंके जाने की घटना भी सामने आई , जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। आयोजक पब्लिक को मनाते रहे लेकिन हंगामा हो गया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शहर में चर्चा तेज हो गई है। यह भी बताया जा रहा है कि अंडे का निशाना कोई और था, लेकिन अपूर्व गौरव विक्रम शाह शिकार हो गए।

नगरपालिका के सहयोग से 7 फरवरी को आयोजित इस मुशायरे में देशभर से शायर शामिल हुए थे।

गौरतलब है कि करीब दो वर्ष पूर्व भी इसी स्थान पर आयोजित एक मुशायरे में विवाद की स्थिति बनी थी। ताजा घटना ने सार्वजनिक आयोजनों के औचित्य व सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।