
इन्दौर संभाग में निवेश की बहार: PM मित्र पार्क बदनावर के द्वितीय चरण में 7,500 करोड़ रुपये का निवेश, कुल निवेश 21 हजार 500 करोड़ रुपये के पार
इंदौर: विगत दो माह में इंदौर संभाग ने औद्योगिक निवेश के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। इंदौर संभाग के धार जिले के बदनावर में निर्माणाधीन पी.एम. मित्र पार्क के द्वितीय चरण के अलॉटमेंट में 13 कंपनियों को 320 एकड़ भूमि आवंटित की गई है, जिनके द्वारा लगभग 7,500 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है। इससे 16,000 से अधिक नए रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। द्वितीय चरण की पूर्णता के साथ ही पी.एम. मित्र पार्क में कुल 38 कंपनियों से प्राप्त निवेश प्रस्तावों का आंकड़ा 21,500 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। इस निवेश से बदनावर क्षेत्र में लगभग 55,000 रोजगार के अवसर सृजित होंगे। अब तक कुल 1,140 एकड़ भूमि आवंटित की जा चुकी है तथा शीघ्र ही तृतीय चरण प्रारंभ किया जाएगा। वर्तमान में एम.पी.आई.डी.सी. द्वारा लीज डीड एवं प्लॉट आधिपत्य की कार्यवाही तीव्र गति से संपादित की जा रही है।
द्वितीय चरण में भिलोसा इंडस्ट्रीज द्वारा 4,500 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया है, जिसके लिए 200 एकड़ भूमि आवंटित की जा रही है। इस इकाई से 3,500 नए रोजगार सृजित होंगे। मानव निर्मित धागा (मैन मेड फाइबर) क्षेत्र की अग्रणी कंपनी भिलोसा इंडस्ट्रीज के प्रदेश में आगमन से एमएमएफ उद्योग के विकास का नया अध्याय प्रारंभ होगा।
यह जानकारी देते हुए एम.पी.आई.डी.सी. के कार्यकारी संचालक श्री हिमांशु प्रजापति ने बताया कि विगत 30-31 जनवरी को चेन्नई में आयोजित वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार के चिंतन शिविर में मध्यप्रदेश के निवेश आकर्षण मॉडल का प्रस्तुतिकरण प्रमुख सचिव, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग, श्री राघवेंद्र कुमार सिंह द्वारा किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में आयोजित रीजनल, नेशनल एवं इंटरनेशनल रोड शो एवं कॉन्क्लेव मॉडल की अन्य पी.एम. मित्र राज्यों द्वारा सराहना की गई। एम.पी.आई.डी.सी. के कार्यकारी संचालक ने बताया कि अगला लक्ष्य पी.एम. मित्र पार्क के आसपास सामाजिक अधोसंरचना का विकास करना है, जिसमें स्कूल, कॉलेज, खेल मैदान, अस्पताल, मनोरंजन केंद्र तथा कर्मचारियों हेतु स्वच्छ, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण आवासीय सुविधाएं विकसित की जाएंगी। सभी आय वर्ग के कर्मचारियों एवं अधिकारियों के लिए आवास उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है।
पी.एम. मित्र पार्क को एक स्टेट-ऑफ-द-आर्ट औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां उद्योगों के लिए आवश्यक समस्त मूलभूत सुविधाओं के साथ पर्यावरणीय मानकों का विशेष ध्यान रखा गया है। इसमें चरणबद्ध रूप से विकसित होने वाला 20 एमएलडी का जीरो लिक्विड डिस्चार्ज कॉमन इफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट, 10 मेगावाट सोलर प्लांट, नियमानुसार ग्रीन जोन एवं जलाशयों का विकास शामिल है। वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए पार्क में बॉयलर में कोयले के उपयोग को पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है।





