नशे के कारोबार का मास्टरमाइंड निकला आरक्षक: मर्सिडीज और कई महंगी गाड़ियों का है मालिक

ड्रग्स की तस्करी करते पुलिस ने ही पकड़ा

264

नशे के कारोबार का मास्टरमाइंड निकला आरक्षक: मर्सिडीज और कई महंगी गाड़ियों का है मालिक

रायपुर: राजधानी रायपुर में पुलिस ने जिस आरक्षक को हेरोइन की सप्लाई करते गिरफ्तार किया है, वह सूखे नशे के कारोबार का मास्टरमाइंड निकला। यह पुलिस आरक्षक वर्दी की आड़ में ड्रग्स की तस्करी करता था। आरक्षक के पास मर्सिडीज समेत कई लग्जरी गाड़ियां हैं। वह पिछले दिनों रायपुर शहर के अंदर ही ड्रग्स की तस्करी करते हुए गिरफ्तार हुआ है।

हिमांशु बर्मन नामक इस आरक्षक की दिलेरी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वह ड्रग्स की डिलीवरी के बाद अपने ही खाते में पैसे लेता था। जिसके बाद पुलिस को उस पर शक हुआ। वह टिकरापारा इलाके में ड्रग्स सप्लाई करने पहुंचा था। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरक्षक की कार से पुलिस को एक ग्राम हेरोइन मिली है। टीम ने उसे जब्त कर लिया गया है।

हिमांशु बर्मन करीब डेढ़ साल से आमानाका थाने में पदस्थ है। वह कई बार ड्रग्स से संबंधित कार्रवाई में शामिल रहा। इसी दौरान उसका कुछ तस्करों से संपर्क हुआ। पैसों के लालच में आकर उसने खुद ड्रग्स की तस्करी शुरू कर दी। वह तस्करों से ड्रग्स मंगाकर नशा करने वालों को सप्लाई करता था। पूछताछ में बताया कि वह टिकरापारा इलाके से ड्रग्स लेता था और नशा करने वालों को सप्लाई करता था।

मुखबिर के माध्यम से पुलिस को सूचना मिलती है कि टिकरापारा इलाके में कोई पुलिसकर्मी ड्रग्स की सप्लाई करने वाला है। इसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जब हिमांशु बर्मन की तलाशी ली गई तो उसे एक ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी सिपाही हिमांशु बर्मन 2013 में पुलिस विभाग में भर्ती हुआ था। पूछताछ में उसने चार बार ड्रग्स सप्लाई करने की बात कबूली है।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरक्षक के पास करोड़ों रुपये की प्रॉपर्टी है। उसके पास मर्सडीज समेत कई लग्जरी गाड़ियां हैं। वह महंगी गाड़ियों के साथ सोशल मीडिया में अपनी फोटो शेयर करते रहता था।