
कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा में लगेगा जिला कार्यकारिणी में शामिल सैकड़ों कांग्रेसियों को झटका,30 जनवरी को घोषित कार्यकारिणी होंगी भंग
भोपाल : पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा में उनके समर्थकों को जोर का झटका लगने जा रहा है। दरअसल उनके जिले की 14 दिन पहले घोषित हुई कार्यकारिणी को प्रदेश कांग्रेस भंग करने जा रही है। इस कार्यकारिणी में सैकड़ों की संख्या में कमलनाथ के समर्थक शामिल थे। यहां की जिला कार्यकारिणी में भंग होने के बाद नए सिरे से बनाई जाएगी, जिसमें सिर्फ 49 लोगों को ही जगह दी जाएगी। छिंदवाड़ा में 250 सदस्यों की जिला कार्यकारिणी बनाई गई थी। सागर शहर में 136 और छोटे जिले मऊगंज में 50 से अधिक नेताओं को कार्यकारिणी में शामिल किया गया था। अब इन तीनों जिलों की कार्यकारिणी भंग कर सीमित सदस्यों वाली नई टीम बनाई जाएगी। इससे सैकड़ों कांग्रेस नेताओं को झटका लगना तय माना जा रहा है।
जिलों में बनी जम्बो कार्यकारिणी को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की नाराजगी के बाद प्रदेश नेतृत्व ने जिला कार्यकारिणी को लेकर फार्मूला तय किया है। जिसके अनुसार 47 जिलों में अध्यक्ष और जिला संगठन महामंत्री सहित कुल 51 सदस्य रखे जाएंगे। वहीं 24 छोटे जिलों में अध्यक्ष व संगठन जिला महामंत्री सहित 31 सदस्य ही कार्यकारिणी में शामिल होंगे। यानी संख्या सीमित कर जिम्मेदारी तय करने पर जोर रहेगा।
पहले जिला अध्यक्षों ने अपने-अपने स्तर पर बड़ी संख्या में नाम भेज दिए थे। कई जिलों में सैकड़ों लोगों को समायोजित कर लिया गया। जब यह जानकारी केंद्रीय नेतृत्व को मिली तो उन्होंने इस पर नाराजगी जताते हुए सीमित संख्या में कार्यकारिणी बनाने के निर्देश दिए। अपने केंद्रीय नेताओं के निर्देश के बाद प्रदेश कांग्रेस ने तय किया है कि जनवरी में घोषित जिला कार्यकारिणी को भंग किया जाएगा।
वहीं अब प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश संगठन महामंत्री डॉ.संजय कामले ने सभी जिला अध्यक्षों को फिर से नाम भेजने के लिए पत्र लिखा है। दस दिन के भीतर सभी जिला अध्यक्षों को नाम भेजना होंगे। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की सहमति से जिला कार्यकारिणी घोषित की जाएगी। जिसमें कांग्रेस के संगठनात्मक 71 जिलों में से 47 जिलों में 51-51 की कार्यकारिणी बनाई जाएगी। जबकि 24 जिलों में कार्यकारिणी में 31-31 की कार्यकारिणी बनाई जाएगी। इनमें अध्यक्ष के साथ ही संगठन जिला महामंत्री, उपाध्यक्ष, महामंत्री,सचिव शामिल रहेंगे।





