परिक्रमा के दौरान एकलौते बेटे की मौत: पहली बार दर्शन को आया था बागेश्वर धाम, पिता बोला—मन्नत लेकर आया था

118
Businessman Committed Suicide : पैसा न मिलने से परेशान सोना-चांदी व्यापारी ने आत्महत्या की!

परिक्रमा के दौरान एकलौते बेटे की मौत: पहली बार दर्शन को आया था बागेश्वर धाम, पिता बोला—मन्नत लेकर आया था

 

छतरपुर। बागेश्वर धाम में शनिवार सुबह परिक्रमा के दौरान एक 22 वर्षीय युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के मदरियापुर गांव निवासी रामानंद के रूप में हुई है। घटना सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच की बताई जा रही है।

मृतक के पिता कैलाश ने बताया कि रामानंद उनका इकलौता बेटा था और लंबे समय से बीमार चल रहा था। वह ठीक से बोल नहीं पाता था और खाने-पीने में भी दिक्कत रहती थी। बेटे के उपचार और मन्नत के लिए वे पहली बार बागेश्वर धाम दर्शन करने आए थे। शनिवार को परिक्रमा के दौरान रामानंद अचानक मूर्छित होकर गिर पड़ा।

पिता के मुताबिक, उस समय बेटे ने पानी मांगा था। भीड़ अधिक होने के कारण वे पानी लेने गए और दूसरे मार्ग से लौटे, लेकिन बेटा वहां नहीं मिला। घबराकर उन्होंने आसपास तलाश की और रोते हुए लोगों से पूछताछ की। सेवादारों ने बताया कि युवक बेहोश होकर गिर पड़ा था, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए धाम के अस्पताल ले जाया गया है।

पिता जब अस्पताल पहुंचे तो जानकारी मिली कि हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल भेजा गया है। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद रामानंद को मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही पिता बिलख पड़े। परिवार में मातम पसरा हुआ है।

धाम प्रबंधन ने शव को उत्तर प्रदेश के फतेहपुर स्थित गांव मदरियापुर भेजने के लिए मुफ्त एंबुलेंस की व्यवस्था कराई। देर रात परिजन शव लेकर गांव के लिए रवाना हो गए।

इधर, छतरपुर पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।