
MP में डॉयल 108 एंबूलेंस पर 72 महीनों में 868 करोड़ 31 लाख का खर्च
भोपाल मध्यप्रदेश के सभी जिलों में लगी डॉयल 108 एंबूलेंस के संचालन पर 72 महीनों में राज्य के सरकारी खजाने से 868 करोड़ 31 लाखं 46 हजार 775 रुपए खर्च हुए है। प्रदेश में प्रति पांच लाख की आबादी पर एक एएलएस तथा प्रति एक लाख की जनसंख्या पर एक बीएलएस के मान से 1002 डायल 108 एंबूलेंस संचालित है। प्रति एंबूलेंस के संचालन पर राज्य सरकार को लगभग 14 लाख 69 लाख रुपए खर्च होता है।
उप मुख्यमंत्री लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राजेन्द्र शुक्ल ने विधायक डॉ विक्रांत भूरिया के सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने बताया कि वर्ष 2019-20 में जनवरी माह में एंबूलेंस के संचालन में कुल 8 करोड़ 86 लाख 98 हजार 717 रुपए खर्च किए गए थे वहीं यह खर्च लगातार बढ़ रहा है। दिसंबर 2025 में एंबूलेंस के संचालन पर 14 करोड़ 75 लाख 56 हजार 684 रुपए खर्च किए गए है। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2023 में एंबूलेंस संचालन पर 18 करोड़ 38 लाख रुपए और मार्च 2024 में 18 करोड़ 22 लाख रुपए खर्च किए गए है जो इस 72 महीने की अवधि में सर्वाधिक है।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि 2021 में अनुबंधित संस्था जेएईएस द्वारा एंबूलेंस का संचालन किया जा रहा है। मध्यप्रदेश में सागर में सर्वाधिक 35 और रीवा में 30 बीएलएस संचालित है। वहीं एएलएस की बात करें तो इंदौर और सागर में सात-सात एएलएस संचालित की जा रही है। प्रदेश में कुल 167 एएलएस और 835 बीएलएस संचालित की जा रही है। जो प्रदेश की आबादी 8 करोड़ 35 लाख 33 हजार 645 के मान से संचालित की जा रही है।




