
Ramakrishna Hospital Mishap: रायपुर अस्पताल में दिल दहला देने वाला हादसा, 3 सफाईकर्मियों की मौत
विनोद काशिव की रिपोर्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। पचपेड़ी नाका स्थित Ramakrishna Hospital में सीवरेज टैंक की सफाई के दौरान 3
सफाईकर्मियों की दम घुटने से मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 8 बजे ये हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि टैंक के अंदर जहरीली गैस भरी हुई थी। जैसे ही पहला कर्मचारी नीचे उतरा, वो बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे बचाने के लिए दो और साथी नीचे गए, लेकिन वे भी उसी गैस की चपेट में आ गए और बाहर नहीं निकल सके।
मृतकों की पहचान अनमोल मांझी, गोविंद सेंद्रे और पेर्रा कुमार के रूप में हुई है। मौके पर पहुंचे रेस्क्यू टीम ने दो शव बाहर निकाल लिए, जबकि तीसरे को निकालने के लिए देर रात तक मशक्कत चलती रही।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या बिना सुरक्षा उपकरण के ही इन कर्मचारियों को मौत के मुंह में धकेल दिया गया? स्थानीय लोगों का आरोप है कि कोई सेफ्टी गियर नहीं दिया गया था।
फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और ये पता लगाया जा रहा है कि आखिर इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है?





