Big News: इंदौर संभागीय कमिश्नर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मात्र अफवाह निकली

79

Big News: इंदौर संभागीय कमिश्नर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मात्र अफवाह निकली

Big News: इंदौर संभागीय कमिश्नर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मात्र अफवाह निकली है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के संभाग आयुक्त कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार को प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया था। अज्ञात ईमेल आईडी से भेजे गए धमकी भरे मेल में तय समय पर बम विस्फोट की बात लिखी गई थी, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन ने बिना देर किए पूरे भवन को खाली करा दिया। पुलिस द्वारा सर्चिंग करने के बाद बताया गया है कि ऐसी कोई विस्फोटक सामग्री कार्यालय परिसर में नही मिली है। सोशल मीडिया पर प्रसारित खबर महज अफवाह है। इस पर ध्यान न दें।

जानकारी के मुताबिक धमकी भरा ईमेल “saurabh@21” नाम से मंगलवार को आया था। यह मेल संभाग आयुक्त कार्यालय और श्रम आयुक्त कार्यालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजा गया था।

मेल में साफ लिखा था कि दोपहर 2:10 बजे बम फटेगा और गैस रिसाव जैसी स्थिति बनेगी, जिससे बड़े हादसे की आशंका जताई गई थी।

बुधवार को ईमेल देखने के बाद अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई। तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई, जिसके बाद बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे परिसर को खाली कराया गया और अंदर मौजूद कर्मचारियों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया।

पुलिस ने धमकी को गंभीरता से लेते हुए पूरे भवन की सर्चिंग करवाई गई। बम स्क्वॉड की टीम ने हर कमरे, गलियारे और कार्यालय की जांच की, लेकिन तलाशी के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।पुलिस के अनुसार यह मेल किसने और कहां से भेजा, इसकी जांच साइबर टीम को सौंपी गई है। ईमेल की आईडी फर्जी होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस किसी भी एंगल को नजरअंदाज नहीं कर रही है।

घटना के बाद संभाग आयुक्त कार्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आसपास के इलाके में भी निगरानी तेज कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि धमकी भले ही झूठी निकली हो, लेकिन प्रशासन इसे हल्के में नहीं ले रहा और दोषी को पकड़ने के लिए पूरी ताकत लगाई जा रही है।