
MP के 35 IAS अफसर 5 राज्यों में कराएंगे चुनाव, प्रेक्षक बन तैनाती स्थान पर पहुंचे, मतगणना दिवस 4 मई के पहले फिर जाएंगे
भोपाल: देश के पांच राज्यों केरल, तमिलनाडु,पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए मध्यप्रदेश के पैतीस से अधिक आईएएस अफसरों को चुनाव प्रेक्षक बनाया गया है। ये अफसर चुनावों में काम करने के लिए तैनाती स्थान पर पहुंच चुके हैं।
इन सभी अधिकारियों की फरवरी में पर्यवेक्षक के रुप में ट्रेनिंग हो चुकी है। प्रेक्षक की ट्रेनिंग लेने वाले अफसरों में सचिव, अपर सचिव और उपसचिव स्तर के अधिकारियों के नाम शामिल है। ये सभी अधिकारी इन राज्यों में घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार अपनी ड्यूटी करने पहुंच चुके हैं।
मध्य प्रदेश के जिन आईएएस अधिकारियों को पांच राज्यों में चुनाव प्रेक्षक बनाकर भेजा गया है- उनमें प्रमुख सचिव वन संदीप यादव्, सचिव जान किंग्स्ले, माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव बुद्देश वैद्य, आयुक्त महिला एवं बाल विकास निधि निवेदिता, कृषि सचिव निशांत बरबड़े, वित्त सचिव लोकेश जाटव, राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव दीपक सिंह, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के सचिव श्रीमन शुक्ला, आयुक्त नगरीय विकास संकेत भोंडवे,सचिव मत्स्य पालन स्वतंत्र कुमार सिंह, आयुक्त हस्तशिल्प एवं हाथकरघा मदन नागरगोजे विभीषण, लघु उद्योग निगम के एमडी दिलीप कुमार , मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के प्रबंध संचालक भरत यादव, आयुक्त लोक शिक्षण शिल्पा गुप्ता, आयुक्त उच्च शिक्षा प्रबल सिपाहा शामिल है।
बंगाल में दो फेज में 23 और 29 को मतदान होना है। तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में सिंगल फेज में चुनाव होंगे। तमिलनाडु में 23 अप्रैल, केरल, असम और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को मतदान होगा। पांच राज्यों में होने वाले चुनावों का परिणाम 4 मई को आएगा।
इन सभी राज्यों में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो चुकी है। असम, केरल, पुडुचेरी में नियुक्त।अफसर 18 मार्च को पहुंच चुके है। इसके बाद उन्हें दूसरी बार दो मई को मतगणना के पहले पहुंचना होगा।तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल में अफसरों को 18 मार्च, तीस मार्च, 23 अप्रैल और दो मई को मतगणना से पहले और पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के लिए 18 मार्च और दो अप्रैल को पहुंचना है।





