
Theft Under the Guise of Exorcism : साधु का भेष धर, घर में घुसे झाड़-फूंक के बहाने उड़ाए सोने-चांदी के आभूषण!
जानिए क्या है पूरा मामला!
Ratlam : साधु के वेश में घर में घुसकर झाड़-फूंक के बहाने चोरी करने वाले 4 आरोपियों को पकड़ने में जिले के पिपलोदा थाने के अंतर्गत सुखेड़ा पुलिस को सफलता मिली है। पकड़े गए आरोपियों से पुलिस ने सोने-चांदी के आभूषण एवं 2 मोटरसाइकिल जप्त की हैं। 23 मई 2026 को फरियादिया कारीबाई भील निवासी ग्राम पंचेवा ने थाने में पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 मई 2026 को 4 लोग उसके घर पर गेहुं व चावल की भिक्षा मांगते हुए आए थे और बोले थे कि तुम्हारे घर में भुत प्रेत का साया है जिसे जादू मंत्र व टोटके से हम दूर कर सकते हैं उसके बाद चारों लोगों ने घर में चावल व गेहुं की ढेरी जमीन पर बिछाई और झाड़-फूँक करने लगे और बोले कि जो भी घर में किसी ने भी आभूषण पहने हो तो वो उतारकर ढेरी पर रख दो तब मेरी पुत्री चेतना ने अपने गले में पहना 1 सोने का मंगलसूत्र, 1 जोड़ी चांदी की पायल, 1 चांदी की चेन उतारकर ढेरी पर रख दी तभी आरोपियों ने ढेरी में आभूषणों को भर दिया और सभी घर वालों को थोड़ी दूर बैठने का कहा और मेरे छोटे बेटे को श्मशान घाट की तरफ ले गए और वापस उसे घर से थोड़ी दूर छोड़कर मोटरसायकल से भाग गए।

बाद में हम सबने देखा तो गेहुं की ढेरी में रखे उनके गहने गायब हैं और घर में मेरे पति मौजूद नहीं होने की वजह से उनका पीछा नहीं कर सके। मामले में पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध थाना पिपलोदा पर अपराध क्रमाकं 174/2026 धारा 305 (ए) बीएनएस का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया व पिपलौदा थाना प्रभारी रमेश कोली द्वारा चौकी प्रभारी सुखेडा राजू मखोड को टीम प्रभारी बनाकर अज्ञात आरोपियों की पतारसी शुरु की गई।

21 मई 2026 को चोरी की घटना के सम्बन्ध में चौकी सुखेड़ा की टीम द्वारा हुसैन टेकरी जावरा से 4 संदेही विजय (21) पिता प्रहलाद राव जाति ढोली निवासी ग्राम ठिकरिया थाना हथुनिया जिला प्रतापगढ़ राजस्थान, लखन (21) पिता मांगीलाल राव जाति भाट निवासी अंकुर स्कूल के पीछे शिवाजी मगरा दलोदा जिला मंदसौर, भोला (26) पिता शोभाराम राव जाति दमामी निवासी ग्राम गुलियाना थाना दलोदा जिला मंदसौर तथा कन्हैयालाल (22) उर्फ नरेन्द्र पिता गोवर्धन महाराज राव जाति दमामी निवासी रेल्वे फाटक के पास वार्ड नम्बर 20 दलोदा जिला मंदसौर को पुलिस ने अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ करने पर पकड़े गए आरोपियों ने जुर्म कबूला और उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए 1 सोने का मंगलसूत्र, 1 जोड़ी चांदी के पायल, 1 चांदी की चेन जिसकी कीमत 90 हजार रुपए व घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक MP 14 NE 5466 व 1 बिना नम्बर की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल जप्त की गई। चोरों को पकड़ने में थाना प्रभारी रमेश कोली, उप-निरीक्षक राजू मखोड़, सहायक उपनिरीक्षक मोहनलाल गुजराती, विजयपाल सिंह, प्रेम मीणा, जितेन्द्र माली, कारुसिंह सोलंकी की भूमिका रही!





