
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश भाजपा 20 दिन तक चलाएगी अभियान
भोपाल: प्रदेश भाजपा संगठन ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जाने वाले अभियान में केंद्रीय मंत्री, प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, निगम मंडल के अध्यक्ष-उपाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में एक दिन व्यतीत करना होगा। मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर प्रदेश संगठन ‘विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के’ थीम पर कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है।
इस संबंध में पार्टी ने विस्तार से सभी जिला अध्यक्षों को कार्यक्रम की रूप रेखा तय कर भेजी है। अभियान 5 से 21 जून तक लगातार चलेगा। जिसमें विभिन्न सांगठनिक और जनहितैषी गतिविधियां संचालित की जाएगी।
इस अभियान के सुचारू क्रियान्वयन के लिए पार्टी ने कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर विशेष टोलियों को जिम्मेदारी सौंपी है। इसमें 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस पर अभियान की शुरूआत एक पेड़ मां के नाम वृक्षारोपण कार्यक्रम से होगी, जिसमें स्कूलों और सामाजिक संगठनों को भी जोड़ा जाएगा। यह अभियान प्रत्येक मंडल में आयोजित किया जाएगा।
इसके बाद 8 से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान चलेगा। जिसमें केंद्रीय मंत्री, सांसद, प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक, निगम मंडल के अध्यक्ष जनता के बीच जाएंगे। केंद्रीय मंत्री एवं सांसदों को अपने लोकसभा क्षेत्र की हर विधानसभा में एक दिन बिताना होगा। वहीं विधायकों को अपनी-अपनी विधानसभा के मंडल में एक दिन व्यतीत करना होगा और प्रत्येक जिले में न्यूनतम 500 प्रबुद्ध जनों से संपर्क भी करना होगा। इसके साथ ही महत्वपूर्ण व्यक्तियों से मिलने भी जाना होगा।
प्रदेश भर में होगी पत्रकार वार्ता
इस अभियान के तहत 11 और 12 जून को प्रदेश के संभागों में पत्रकार वार्ता होगी। जिसमें केंद्र सरकार की 12 वर्षो की उपलब्ध्यिां बताई जाएगी। यह पत्रकार वार्ता मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव , प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राजेंद्र शुक्ल और केंद्रीय मंत्री करेंगे। वहीं 12 से 18 जून तक जिलों में केंद्र व राज्य की प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। जबकि 15 से 21 जून की अवधि में जिलों में व्यापारी व प्रबुद्ध वर्ग की सभागार बैठकें होंगी, प्राकृतिक खेती पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी और 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रत्येक मंडल में योग शिविर आयोजित किए जाएंगे।





